
ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर टीम इंडिया के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, जिसे सुनकर हर क्रिकेट प्रेमी हैरान रह गया. जी हां, इस बार बात किसी जीत या बल्लेबाजी रिकॉर्ड की नहीं, बल्कि एक ऐसे अनचाहे रिकॉर्ड की है जो किसी भी टीम को नहीं चाहिए होता. भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले लगातार 18 टॉस गंवा दिए हैं. ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि किस्मत के उस सिलसिले की कहानी है जो पिछले साल नवंबर के वर्ल्ड कप फाइनल से शुरू हुई थी और अब तक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने टॉस गंवाया
19 नवंबर 2023 को जब वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने टॉस गंवाया था, तब किसी को अंदाज़ा भी नहीं था कि ये हार एक लंबा सिलसिला बन जाएगी. उसके बाद से टीम इंडिया जैसे टॉस देवी के कोप में आ गई है. पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में टॉस भारत के खिलाफ जाता रहा, और अब जब कप्तान बदले तो भी किस्मत नहीं बदली. नए कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों वनडे में टॉस गंवाया. पर्थ, एडिलेड और सिडनी तीनों जगह एक ही नतीजा ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता.
पहले ये रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम था !
इस रिकॉर्ड के साथ भारत अब वनडे इंटरनेशनल में लगातार सबसे ज्यादा टॉस हारने वाली टीम बन गया है. इससे पहले ये रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम था, जिसने 2011 से 2013 के बीच लगातार 11 टॉस गंवाए थे लेकिन टीम इंडिया ने इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया और अब दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार 18 बार टॉस हारा है. फैंस अब सोशल मीडिया पर मजाक में कह रहे हैं कि टीम इंडिया को अब बल्लेबाजी या गेंदबाजी कोच नहीं, टॉस कोच की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें : Australia में 3 सेकेंड के अंदर Virat Kohli ने लपका ऐसा कैच,हर कोई देखकर रह गया सन्न, देखें VIDEO
कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, जबकि शुभमन गिल मायूस खड़े रह गए हालांकि, गिल ने टीम में कुछ बदलाव करते हुए कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया, क्योंकि तेज गेंदबाज नीतीश कुमार रेड्डी चोटिल होकर बाहर हो गए थे. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है. अब भले ही टीम इंडिया मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर रही हो, लेकिन टॉस की ये हार एक रहस्य बन गई है.