INDIA Alliance SIR Strategy : दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक शुरू हो गई है। बैठक के केंद्र में चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा है। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक से पहले कांग्रेस कार्यसमिति भी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर चुकी है।
ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर रणनीति
बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल साझा रणनीति तैयार कर सकते हैं। INDIA गठबंधन की बैठक में SIR को लेकर भी आगे की रूपरेखा पर चर्चा होनी है। विपक्ष की ओर से देशव्यापी विरोध और रैलियों की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
कांग्रेस ने रखी अपनी मांग
कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में चुनाव आयोग के कामकाज और SIR को लेकर कई मांगें रखी गई थीं। पार्टी ने ज्ञानेश कुमार को हटाने, SIR को रोकने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा की मांग की है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य, जिला और बूथ स्तर पर आंदोलन की बात भी कही है।
ये भी पढ़ें : विज्ञापनों पर करोड़ों का खर्च! RTI में खुला सरकारी प्रचार का पूरा हिसाब, सबसे ज्यादा पैसा यहां हुआ खर्च
बैठक में पहुंचे कई बड़े नेता
INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए हैं। समाजवादी पार्टी, वाम दलों और अन्य विपक्षी दलों के प्रतिनिधि भी बैठक में पहुंचे। हालांकि, सभी सहयोगी दलों की मौजूदगी को लेकर स्थिति एक जैसी नहीं है और कुछ दल बैठक से दूर हैं।
आगे आंदोलन पर बन सकती है सहमति
बैठक में विपक्षी दल देशभर में संयुक्त आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा कर सकते हैं। 2 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं, हालांकि अभी पुलिस की अनुमति नहीं मिली है। वहीं, चुनाव आयोग और सरकार की ओर से विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए SIR प्रक्रिया का बचाव किया गया है।