India America Trade:भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके व्यापार समझौते को लेकर नई उम्मीद जगी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर संकेत दिए हैं कि भारत के साथ इंडोनेशिया जैसे व्यापारिक समझौते की तैयारी चल रही है. उन्होंने कहा कि इससे अमेरिकी कंपनियों को भारतीय बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी. हालांकि भारत ने साफ किया है कि वह जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेगा और देशहित को सर्वोपरि रखेगा.
भारत की सख्ती: कृषि-डेयरी जैसे क्षेत्रों में नहीं देगा रियायत
भारत ने प्रस्तावित व्यापार समझौते में कृषि, डेयरी और स्टील जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को लेकर सख्त रुख अपनाया है. भारत ने अब तक किसी भी देश को अपने डेयरी सेक्टर तक सीधी पहुंच नहीं दी है. वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी स्पष्ट किया है कि भारत किसी भी समझौते को समयसीमा के दबाव में स्वीकार नहीं करेगा, बल्कि यह केवल देशहित के आधार पर होगा. भारत अमेरिका से स्टील, एल्यूमीनियम और ऑटो सेक्टर पर लगे भारी टैरिफ को हटाने की भी मांग कर रहा है.
यह भी पढ़ेंःSucide note Viral: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पेंट पर लिखा सुसाइड नोट
वार्ता जारी, सितंबर-अक्तूबर तक समझौते की उम्मीद
वर्तमान में भारत की एक उच्च स्तरीय वाणिज्यिक टीम वॉशिंगटन में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत कर रही है. दोनों देश सितंबर-अक्तूबर तक पहले चरण के समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश में हैं. अप्रैल-मई के दौरान भारत का अमेरिका को निर्यात 21.78% बढ़कर 17.25 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि अमेरिका से आयात 25.8% बढ़कर 8.87 अरब डॉलर रहा. अगर यह समझौता सफल होता है तो दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में नई मजबूती आ सकती है.