Sucide note Viral: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के छेद्दांगला गुतासी गांव निवासी दिलीप ने आत्महत्या कर ली. बताया गया कि दिलीप का अपनी पत्नी नीरज से विवाद चल रहा था, जिसके चलते ससुराल पक्ष की शिकायत पर उसे हथियापुर पुलिस चौकी बुलाया गया था. पूछताछ के बाद जब वह घर लौटा, तो उसने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दिलीप ने आत्महत्या से पहले अपने पैंट पर सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें पुलिसकर्मियों और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पिटाई और पैसे की मांग का आरोप
दिलीप के पिता रामरहीस ने बताया कि पुलिस चौकी में दिलीप को बुरी तरह पीटा गया और कॉन्स्टेबल यशवंत यादव व महेश उपाध्याय ने उसे छोड़ने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रजनीश राजपूत नामक व्यक्ति के कहने पर पुलिसवालों ने दिलीप को कमरे में ले जाकर मारा। इसके बाद महेश उपाध्याय ने परिवार से पैसे लिए और दिलीप को घर छोड़ दिया. लेकिन उसी रात दिलीप ने आत्महत्या कर ली. सुबह 5 बजे उसका शव लटका मिला, जिसके बाद परिवार ने हंगामा कर दिया और कार्रवाई की मांग की.
यह भी देखेंःIsraeli drone attack: लाइव शो के दौरान धमाका, धुएं से ढका दमिश्क, एंकर को छोड़नी पड़ी स्टूडियो की कुर्सी
पांच लोगों के खिलाफ केस, दो सिपाही सस्पेंड
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले में दिलीप के ससुर बनवारीलाल, साले राजू, रजनीश राजपूत के अलावा सिपाही यशवंत यादव और महेश उपाध्याय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. एसपी आरती सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. दिलीप के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजन को न्याय का भरोसा दिलाया गया है.