India Built Train : भारत की रेलवे कोच निर्माण क्षमता का एक और उदाहरण सामने आया है। पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री से बांग्लादेश रेलवे के लिए 20 LHB ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच वाली पहली रेक तैयार की गई है। इन कोचों को बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन और तकनीकी बदलावों के साथ विकसित किया गया है। कई फीचर्स ऐसे हैं, जिन्हें पहली बार LHB टाइप कोच में शामिल किया गया है।
20 कोच में क्या खास है
बांग्लादेश के लिए तैयार की गई पहली रेक में कुल 20 कोच हैं। इनमें 3 AC स्लीपर, 3 AC चेयर कार, 12 नॉन-AC चेयर कार और 2 पावर कोच शामिल हैं। कोचों में यात्रियों की सुविधा के साथ बांग्लादेश रेलवे की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। RCF के मुताबिक, इन कोचों में किए गए कुछ डिजाइन मॉडिफिकेशन LHB कोचों के लिए नए प्रयोग हैं।
2015 से जारी है रेल सहयोग
कपूरथला की RCF और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग कई वर्षों पुराना है। इसकी शुरुआत 2015-16 में हुई थी, जब RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोच की आपूर्ति की थी। पहले प्रोजेक्ट की सफलता के बाद बांग्लादेश रेलवे ने दोबारा भारतीय फैक्ट्री पर भरोसा जताया। 2024 में RITES के माध्यम से RCF को 200 ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच बनाने का ऑर्डर मिला।
ये भी पढ़ें : EV खरीदने वालों के लिए बड़ा बदलाव, PM E-DRIVE की डेडलाइन बढ़ी लेकिन दोपहिया सब्सिडी हुई आधी
200 कोच का मिला है बड़ा ऑर्डर
मौजूदा प्रोजेक्ट के तहत बांग्लादेश रेलवे के लिए कुल 200 ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच तैयार किए जाने हैं। इन्हें सात अलग-अलग वेरिएंट में विकसित किया जाना है। पहली 20 कोच वाली रेक का रोलआउट इस पूरे प्रोजेक्ट की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इससे भारत की डिजाइन और इंजीनियरिंग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
रेलवे एक्सपोर्ट को मिलेगी मजबूती
बांग्लादेश के लिए तैयार ये LHB कोच सिर्फ एक विदेशी ऑर्डर की आपूर्ति नहीं हैं, बल्कि भारत की बढ़ती रेलवे मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का भी प्रदर्शन करते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय रेल कोचों की मांग बढ़ने से भविष्य में दूसरे देशों से भी ऐसे ऑर्डर मिलने की संभावना बन सकती है। इस प्रोजेक्ट से भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग मजबूत होने के साथ भारतीय रेलवे के एक्सपोर्ट बाजार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।