India on Reform Express: केंद्रीय बजट 2026-27 संसद में पेश होते ही देश की राजनीति और अर्थव्यवस्था में हलचल तेज हो गई। रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह वर्तमान भारत के सपनों को साकार करने वाला है और देश आज रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार होकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसके लिए वित्त मंत्री को बधाई भी दी।
पीएम मोदी की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के विजन को मजबूत आधार देता है। उनके मुताबिक बजट से सुधारों की प्रक्रिया को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि साहसी और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए यह बजट नए अवसरों के द्वार खोलेगा और देश को दीर्घकालिक विकास की दिशा में ले जाएगा।
विकास के साथ नियंत्रण
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि बजट में राजकोषीय घाटे को कम करने और महंगाई को नियंत्रण में रखने पर खास ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही उच्च पूंजीगत व्यय और तेज आर्थिक वृद्धि का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। उन्होंने इसे एक ऐसा संयोजन बताया जो अर्थव्यवस्था को स्थिरता के साथ आगे बढ़ाने में मदद करेगा।
यह भी देखेंःPolitical Turmoil: बजट से पहले सियासी हलचल, उम्मीद और निराशा के बीच नेताओं के तीखे बयान
सीएम योगी की सराहना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बजट की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे विकसित भारत के निर्माण का प्रेरणादायी संकल्प पत्र बताया। योगी ने कहा कि यह बजट युवाओं को अवसर, किसानों को सुरक्षा, उद्यमियों को प्रोत्साहन, मध्यम वर्ग को राहत और श्रमिकों को सम्मान देने वाला है।
बजट की बड़ी घोषणाएं
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना लगातार नौवां बजट पेश करते हुए किसानों, युवाओं और छोटी कंपनियों पर खास फोकस रखा। बजट में पूंजीगत व्यय बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के एसएमई विकास कोष का ऐलान किया गया है। सरकार का मानना है कि इन कदमों से रोजगार, निवेश और आर्थिक गति को नई रफ्तार मिलेगी।