टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साफ कर दिया है कि उसकी टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने मैदान पर नहीं उतरेगी। इसकी वजह पाकिस्तान सरकार का आदेश बताया गया है। इस फैसले ने सिर्फ क्रिकेट फैंस की उम्मीदों पर पानी नहीं फेरा, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की कमाई को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारत-पाक मैच क्यों होता है सबसे बड़ा सौदा
आईसीसी के किसी भी बड़े टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मैच सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। यह मुकाबला सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जुनून और भावनाओं से जुड़ा होता है। दुनियाभर में करोड़ों लोग इस मैच को देखते हैं। इसी वजह से ब्रॉडकास्टर्स इस एक मैच के लिए भारी रकम चुकाते हैं। आमतौर पर भारत के किसी भी मैच से करीब 100 करोड़ रुपये तक की कमाई होती है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ यह आंकड़ा कहीं ज्यादा बढ़ जाता है।
विज्ञापनों से होती है पैसों की बारिश
भारत-पाक टी20 मैच के दौरान विज्ञापनों की कीमत आसमान छूती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मुकाबले में सिर्फ 10 सेकेंड के एक विज्ञापन के लिए 25 से 40 लाख रुपये तक वसूले जाते हैं। यही वजह है कि इस एक मैच से करीब 200 करोड़ रुपये तक का कारोबार जुड़ा होता है। अगर यह मैच नहीं खेला गया, तो यह पूरी कमाई सीधे खत्म हो जाएगी और इसका सबसे बड़ा असर आईसीसी की ब्रॉडकास्टिंग फीस पर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें : Balochistan में खूनखराबा महिला फिदायीन की एंट्री से मचा बवाल, दर्जनों मौतें, Pakistan को भारी नुकसान !
ब्रॉडकास्टर को झटका, असर आईसीसी पर
भारत में इस टूर्नामेंट के मीडिया राइट्स जियो-हॉटस्टार के पास हैं। भारत-पाक मैच रद्द होने की स्थिति में ब्रॉडकास्टर को बड़ा नुकसान होगा। लेकिन यह नुकसान आखिरकार आईसीसी तक ही पहुंचेगा, क्योंकि ब्रॉडकास्टिंग डील आईसीसी के साथ होती है। ऐसे में आईसीसी को सीधे तौर पर करीब 200 करोड़ रुपये तक का झटका लग सकता है।
रेवेन्यू शेयरिंग से सभी बोर्ड प्रभावित
आईसीसी का रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल ऐसा है कि जो भी कमाई होती है, वह अलग-अलग क्रिकेट बोर्ड्स में बांटी जाती है। अगर कमाई घटती है, तो उसका असर सभी पर पड़ता है। इसमें बीसीसीआई, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और दूसरे छोटे बोर्ड्स शामिल हैं। बीसीसीआई के लिए यह नुकसान शायद उतना बड़ा न हो, लेकिन पीसीबी और छोटे बोर्ड्स के लिए यह भारी झटका साबित हो सकता है।
PCB पर जुर्माने का खतरा, बढ़ेगा नुकसान
सूत्रों के मुताबिक आईसीसी इस मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं, ब्रॉडकास्टर को हुए नुकसान की भरपाई भी पीसीबी से करवाई जा सकती है। पहले से आर्थिक दबाव झेल रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए यह फैसला बेहद महंगा साबित हो सकता है। कुल मिलाकर, भारत-पाक मैच का न होना सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट कारोबार के लिए बड़ा नुकसान बन सकता है।