UAE की वही धरती, वही माहौल और वही दबाव… जहां सीनियर टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप ट्रॉफी जीती थी, अब 81 दिन बाद उसी जमीन पर अंडर-19 टीम के सामने भी वैसा ही मौका खड़ा है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत अंडर-19 एशिया कप 2025 के खिताब की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। खास बात यह है कि अगर सब कुछ तय स्क्रिप्ट के मुताबिक चला, तो फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हो सकते हैं। लेकिन इस रास्ते में सबसे बड़ी दीवार है डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश।
अंडर-19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश की टक्कर तय है। दोनों मुकाबले 19 दिसंबर को खेले जाएंगे। भारत ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन कर टॉप पोजिशन हासिल की है, वहीं बांग्लादेश बतौर डिफेंडिंग चैंपियन टूर्नामेंट में अब तक मजबूत नजर आया है। पाकिस्तान के लिए फाइनल का रास्ता तभी खुलेगा, जब वह बांग्लादेश की चुनौती को पार करेगा।
कैसे बन सकता है भारत-पाक फाइनल
अगर भारत सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराने में सफल रहता है और दूसरी ओर पाकिस्तान बांग्लादेश को मात दे देता है, तो 21 दिसंबर को फाइनल में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत तय मानी जा रही है। यही वजह है कि बांग्लादेश इस पूरे समीकरण का सबसे अहम किरदार बन गया है। डिफेंडिंग चैंपियन को हराना आसान नहीं होगा और पाकिस्तान के लिए यह सेमीफाइनल किसी फाइनल से कम नहीं है। अगर दोनों टीमें जीतती हैं, तो रविवार का दिन अंडर-19 क्रिकेट के लिए यादगार बन सकता है।
इसे भी पढ़ें : Delhi की जहरीली हवा पर सरकार और Supreme Court का सख्त रुख, लिया ये बड़ा फैसला
बांग्लादेश बना फाइनल की सबसे बड़ी कसौटी
अगर भारत और पाकिस्तान फाइनल में टकराते हैं, तो यह टूर्नामेंट में एक हफ्ते के भीतर उनकी दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले 14 दिसंबर को ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से हराकर दमदार संदेश दिया था। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन बनाए थे। एरन जॉर्ज ने 85 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि कनिष्क चौहान ने 46 रन जोड़े। जवाब में पाकिस्तान की टीम 150 रन पर सिमट गई थी। कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत की नींव रखी थी। यही जीत भारत को फाइनल का प्रबल दावेदार बनाती है।