
भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी मुकाबला होता है, वहां क्रिकेट कम और ड्रामा ज्यादा देखने को मिलता है. आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भी कुछ ऐसा ही हुआ. रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में मैच शुरू होने से पहले ही माहौल गरमा गया. टॉस के वक्त ही ऐसा हंगामा मचा कि हर कोई दंग रह गया. दरअसल, भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीता, सिक्का हेड पर गिरा लेकिन रेफरी शांद्रे फिट्ज ने गलती से पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से पूछा कि वो क्या करेंगी. फातिमा ने झट से गेंदबाजी बोल दिया और मैच रेफरी को अपनी गलती का एहसास होने में कुछ सेकंड लगे. हालांकि बात संभाल ली गई, लेकिन शुरुआत ही इतनी नाटकीय थी कि फैंस ने सोशल मीडिया पर इसे ड्रामा कप कहना शुरू कर दिया.
मच्छरों की पूरी आर्मी मैदान में आई !
लेकिन असली बवाल तो तब मचा जब मच्छरों की पूरी आर्मी मैदान में उतर आई. कोलंबो की नमी भरी शाम में मच्छरों का ऐसा अटैक हुआ कि खेल को 15 मिनट के लिए रोकना पड़ा. खिलाड़ी हेलमेट से चेहरे ढकते दिखे, तो कुछ अपनी तौलिया झटकते रहे. ग्राउंड स्टाफ को मजबूरन पूरे मैदान में स्मोक मशीन चलानी पड़ी ताकि मच्छरों को भगाया जा सके. इस नजारे ने मैच को पूरी तरह मच्छर कप 2025 में बदल दिया. फैंस बोले अब तो बॉलर्स नहीं, मच्छर ही विकेट गिरा रहे हैं.
फातिमा गुस्से में तमतमाई हुई दिखीं
ड्रामा का तीसरा और सबसे बड़ा सीन रन आउट को लेकर हुआ. पाकिस्तान की ओपनर मुनीबा अली एक रन चुराने की कोशिश में थीं कि क्रांति गौड़ की गेंद उनके पैड पर लगी, और विकेटकीपर ऋचा घोष ने चालाकी दिखाते हुए तुरंत गिल्लियां उड़ा दीं. ऑन-फील्ड अंपायर ने पहले नॉट आउट दिया, लेकिन जब थर्ड अंपायर के पास मामला गया तो उन्होंने मुनीबा को आउट करार दिया. बस फिर क्या था! पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना आग-बबूला हो गईं और चौथे अंपायर से मैदान के किनारे पर बहस करने लगीं. सोशल मीडिया पर ये वीडियो छा गया जहां फातिमा गुस्से में तमतमाई हुई दिखीं.
इसे भी पढ़ें : Pakistan के लिए संडे बना ‘स्यापा’, लगातार मिल रही हार, इस बार हिंद की शेरनियों ने कर दिया ‘कल्याण’!
फुल एंटरटेनमेंट शो बना मुकाबला
इधर मैदान पर एक और छोटा झगड़ा भी देखने को मिला. पाकिस्तान की गेंदबाज नशरा संधू और भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के बीच तकरार बढ़ गई. हरमन ने एक चौका जड़ा, तो अगली गेंद पर नशरा ने नकली थ्रो फेंका और उन्हें घूरा. हरमन ने पलटकर इशारों में जवाब दिया गेम खेलो, ड्रामा नहीं. आखिर में मैच टीम इंडिया की झोली में गया, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से ड्रामेबाजी और बवालों ने पूरे मुकाबले को फुल एंटरटेनमेंट शो बना दिया. मैदान में जीत भारत की हुई, लेकिन हर मोर्चे पर पाकिस्तान नो बॉल खेल गया.