
लगातार चौथे रविवार भारत ने पाकिस्तान को मैदान में ऐसा सबक सिखाया कि अब ‘संडे’ शब्द ही पाकिस्तान के लिए डर का दूसरा नाम बन गया है. एशिया कप 2025 में पहले तीन रविवार को टीम इंडिया के शेरों ने पाकिस्तान को धोया, और अब महिला वर्ल्ड कप 2025 में हिंद की शेरनियों ने उस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पाकिस्तान का ‘कल्याण’ कर दिया. 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 88 रनों से रौंद दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 248 रन बनाए और जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवर में सिर्फ 159 रन पर सिमट गई.
भारत की बादशाहत कायम
ये सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि पाकिस्तान के लिए चौथा ‘संडे स्यापा’ था. क्योंकि 14, 21 और 28 सितंबर तीनों रविवार एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को हराकर उसका हौसला तोड़ा था और अब, 5 अक्टूबर को हिंद की बेटियों ने महिला वर्ल्ड कप में वही काम पूरा किया. टूर्नामेंट बदला, टीम बदली, लेकिन भारत की बादशाहत और पाकिस्तान की बदकिस्मती वैसी की वैसी रही. अब पाकिस्तान के खिलाफ भारत की महिलाओं ने वनडे क्रिकेट में लगातार 12वीं जीत दर्ज कर ली है. इस जीत में भारत की नई सनसनी क्रांति गौड़ का जलवा देखने लायक था. उन्हें अब फैंस ने 'लेडी बुमराह' कहना शुरू कर दिया है, क्योंकि उनकी गेंदों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी. क्रांति ने अपने 10 ओवरों में सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट झटके और पाकिस्तान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. उनके अलावा हरलीन देयोल (46 रन) और ऋचा घोष (35 नाबाद) ने बल्ले से कमाल दिखाया. इन दोनों की पारियों ने टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और फिर गेंदबाजों ने काम पूरा किया.
इसे भी पढ़ें : कौन है वो 'लेडी बुमराह', जो बनी हर अखबार, न्यूज चैनल और क्रिकेट पेज की हेडलाइन, एक क्लिक में जानिए
पाकिस्तान पर कायम भारत की हुकूमत
हर जीत के बाद अब बस एक ही बात साफ हो रही है भारत पाकिस्तान पर सिर्फ हावी नहीं, बल्कि हुकूमत कर रहा है. चाहे पुरुष हों या महिलाएं, हर बार नतीजा वही भारत की जीत और पाकिस्तान की शिकस्त मैदान में हो रही है. हिंद की शेरनियों ने इस वर्ल्ड कप में सिर्फ पाकिस्तान को नहीं हराया, बल्कि उसे याद दिला दिया कि जब बात भारत की इज्जत और जज़्बे की हो, तो जीत हमेशा हमारी होती है.