टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ऐलान के साथ ही बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भी भारतीय टीम घोषित कर दी है। खास बात यह है कि दोनों टूर्नामेंट के लिए एक ही टीम चुनी गई है। इसका मतलब साफ है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज को वर्ल्ड कप की रिहर्सल माना जा रहा है। भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता और उसी संयोजन को मैदान में उतारने की तैयारी है।
उप-कप्तान बदला, अक्षर पटेल को बड़ी जिम्मेदारी
टीम इंडिया की टी20 टीम में इस बार बड़ा बदलाव उप-कप्तानी को लेकर हुआ है। चयनकर्ताओं ने अक्षर पटेल को न्यूजीलैंड सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 दोनों के लिए उप-कप्तान नियुक्त कर दिया है। यह फैसला अक्षर के लगातार अच्छे प्रदर्शन और ऑलराउंड क्षमता को देखते हुए लिया गया है। गेंदबाजी के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर रन बनाने की काबिलियत ने उन्हें टीम मैनेजमेंट का भरोसेमंद खिलाड़ी बना दिया है। अब सूर्या की कप्तानी में अक्षर अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें : घरेलू क्रिकेट के दम पर बदली Bihar के 'लाल' की किस्मत, सेलेक्टर्स ने दिया T20 वर्ल्ड कप टीम में बड़ा सरप्राइज!
गिल बाहर, ईशान किशन की एंट्री
शुभमन गिल को इस बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर रखा गया है। उनकी जगह ईशान किशन को मौका दिया गया है। ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर सेलेक्टर्स का ध्यान खींचा था। उन्होंने टूर्नामेंट में 500 से ज्यादा रन बनाए और 33 छक्के लगाए। वहीं शुभमन गिल का हालिया टी20 प्रदर्शन निराशाजनक रहा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज की 3 पारियों में वह सिर्फ 32 रन ही बना सके। इसी वजह से चयनकर्ताओं ने ईशान पर भरोसा जताया है।
जितेश बाहर, रिंकू सिंह की वापसी
टीम चयन में एक और अहम बदलाव विकेटकीपर जितेश शर्मा को लेकर हुआ है। जितेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम से ड्रॉप कर दिया गया है। वहीं रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। रिंकू साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेले थे, लेकिन अब उन्हें फिर से मौका मिला है। मिडिल ऑर्डर में रिंकू की मौजूदगी टीम को मजबूती देती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज तय करेगी कि कौन खिलाड़ी वर्ल्ड कप में खुद को अंतिम रूप से साबित करता है और कौन दबाव में पिछड़ जाता है।