अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज को लेकर अब बड़ी जानकारी सामने आ रही है। आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद अफगानिस्तान की टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और 3 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। सबसे ज्यादा चर्चा 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में होने वाले इकलौते टेस्ट मैच को लेकर हो रही है। टीम इंडिया का ऐलान अभी बाकी है लेकिन संभावित खिलाड़ियों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिखाई दे रही है।
फुल स्ट्रेंथ टीम उतारने की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस मुकाबले में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी कर रहा है। पहले खबरें थीं कि सीनियर खिलाड़ियों को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया जा सकता है लेकिन अब मेडिकल टीम की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद मामला बदल गया है। माना जा रहा है कि टीम इंडिया के रेग्यूलर टेस्ट खिलाड़ी ही इस मैच में खेलते नजर आएंगे। यही वजह है कि इस मुकाबले को लेकर फैंस की उत्सुकता भी बढ़ गई है।
गिल को मिल सकती है कप्तानी
संभावित टीम की बात करें तो शुभमन गिल को कप्तानी मिलती दिखाई दे रही है। वहीं ओपनिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के कंधों पर रह सकती है। ऋषभ पंत मिडिल ऑर्डर में टीम को मजबूती देते नजर आ सकते हैं। ध्रुव जुरेल और नीतीश रेड्डी जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है। बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव जरूर देखने को मिल सकते हैं लेकिन मुख्य चेहरों को बरकरार रखा जा सकता है।
साई सुदर्शन पर खतरा
रिपोर्ट के अनुसार इस टेस्ट मैच में साई सुदर्शन की जगह खतरे में पड़ सकती है। खबर है कि टीम मैनेजमेंट नंबर 3 पर देवदत्त पडिक्कल को आजमाने पर विचार कर रहा है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद पडिक्कल का नाम तेजी से आगे आया है। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें बड़ा मौका दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो साई सुदर्शन के लिए यह बड़ा झटका माना जाएगा।
गेंदबाजी में दिख सकता बदलाव
बैटिंग यूनिट लगभग तय मानी जा रही है लेकिन गेंदबाजी में बदलाव संभव है। जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड के चलते आराम दिया जा सकता है। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर भी अंतिम फैसला आईपीएल के बाद उनकी फिटनेस और वर्कलोड रिपोर्ट देखने के बाद लिया जाएगा। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी का नाम भी चर्चा में है और उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें : Somnath में भक्ति का महासंगम, PM Modi ने किया ज्योतिर्लिंग का भव्य कुंभाभिषेक
ऐसी हो सकती है संभावित टीम
अफगानिस्तान के खिलाफ संभावित भारतीय टीम में शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, हर्ष दुबे, मोहम्मद शमी और अंशुल कंबोज जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आधिकारिक ऐलान में कौन जगह बनाता है और किस खिलाड़ी की किस्मत खुलती है।