करीब एक साल की अनिश्चितता के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) सितंबर के पहले सप्ताह में इस दौरे का आयोजन कराने की तैयारी में जुटे हैं। हालांकि, अंतिम मंजूरी भारत सरकार की स्वीकृति के बाद ही मिलेगी।
BCB ने खाली रखे वेन्यू
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 1 सितंबर से अपने प्रमुख स्टेडियम खाली रखने का फैसला किया है ताकि भारत के दौरे का कार्यक्रम तय होते ही मैच आयोजित किए जा सकें। बोर्ड की योजना है कि तीन टी20 मुकाबले एक ही मैदान पर और तीन वनडे दूसरे मैदान पर कराए जाएं। ढाका और चट्टोग्राम को इस सीरीज के लिए प्रमुख वेन्यू माना जा रहा है।
ICC बैठक में हुई चर्चा
रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में लंदन में हुई ICC की बैठक के दौरान BCCI और BCB अधिकारियों के बीच इस सीरीज को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों बोर्ड चाहते हैं कि सरकारी मंजूरी मिलने से पहले ही पूरा कार्यक्रम तैयार रहे, ताकि मंजूरी मिलते ही आधिकारिक शेड्यूल जारी किया जा सके।
अफगानिस्तान सीरीज पर पड़ेगा असर
अगर भारत का बांग्लादेश दौरा तय होता है तो भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित तीन टी20 मैचों की सीरीज की तारीखों में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है। दोनों सीरीज के बीच समय कम होने के कारण BCCI नए कार्यक्रम पर काम कर रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर प्रभावित न हो।
व्यस्त रहेगा सितंबर का शेड्यूल
सितंबर का महीना भारतीय टीम के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। 24 सितंबर से एशियन गेम्स शुरू होंगे, जबकि 27 सितंबर से वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आएगी। ऐसे में भारत और बांग्लादेश के बीच छह मैचों की यह सीरीज 1 से 13 सितंबर के बीच कराए जाने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : ISSF वर्ल्ड कप में भारत का डबल धमाका, Isha Singh ने जीता गोल्ड, मनु भाकर के नाम ब्रॉन्ज
रिश्तों में सुधार के बाद बढ़ी उम्मीद
पिछले साल दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव के कारण यह दौरा टल गया था। लेकिन हाल के घटनाक्रम और दोनों क्रिकेट बोर्डों की सकारात्मक बातचीत के बाद सीरीज के आयोजन की उम्मीद फिर मजबूत हुई है। अब सभी की नजर भारत सरकार की अंतिम मंजूरी पर टिकी है, जिसके बाद इस बहुप्रतीक्षित दौरे का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।