
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम गवाह बना उस ऐतिहासिक जीत का, जिसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया. शुरू से ही जिस तूफान की उम्मीद थी, वो भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने मैदान में उतार दिया. पाकिस्तान के गेंदबाज शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और अबरार अहमद सब भारतीय तूफान के सामने पानी-पानी हो गए. टीम इंडिया ने पाकिस्तान द्वारा दिए गए 172 रनों के लक्ष्य का पीछा सिर्फ दमदार अंदाज में नहीं किया, बल्कि मैदान को भारत के जश्न में बदल दिया.
पहली गेंद पर दिखाए भारत ने तेवर
कहानी की शुरुआत पहले ही ओवर से हो गई थी. शाहीन अफरीदी, जिन्हें नई गेंद का किंग कहा जाता है, उन्होंने अभिषेक शर्मा को बाउंसर फेंकी लेकिन अभिषेक ने उसी पर पुल शॉट खेलते हुए गगनचुंबी छक्का जड़ दिया. पहली गेंद, पहला छक्का और पाकिस्तान की अकड़ वहीं टूट गई. शाहीन ने गुस्से में अभिषेक को आंखें तरेरीं, लेकिन जवाब मिला जा बे, बॉल डाल!. यहीं से टीम इंडिया का तूफान चल पड़ा. अगले ही ओवर में शुभमन गिल ने भी शाहीन की चौथी और छठी गेंद पर लगातार चौके जड़े और वही अंदाज दिखाया जो 1996 में आमिर सोहेल ने दिखाया था. फर्क बस इतना था कि इस बार नतीजा भारत के पक्ष में था और पाकिस्तान बेइज्जती के साथ दब गया.
इसे भी पढ़ें : Pakistan के खिलाफ Abhishek-Gill का तूफान, धुआं-धुआं किया दुबई का मैदान, बना डाला खास रिकॉर्ड
अभिषेक ने दो बड़े रिकॉर्ड बनाए
गिल और अभिषेक ने मिलकर पावरप्ले को पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया. महज 28 गेंदों में स्कोर पचास के पार चला गया और दुबई का मैदान भारतीय फैंस की दहाड़ से गूंज उठा. शुभमन गिल ने 28 गेंदों पर 47 रन ठोककर पाकिस्तान के गेंदबाजों की नींव हिला दी, जबकि अभिषेक शर्मा ने 39 गेंदों पर 74 रन जड़ दिए, जिसमें 6 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. इस दौरान अभिषेक ने दो बड़े रिकॉर्ड बनाए पहला, टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों (331) पर 50 छक्के पूरे करने का. दूसरा, पाकिस्तान के खिलाफ 24 गेंदों पर फिफ्टी ठोककर युवराज सिंह का 13 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने का. इन दोनों के बीच 105 रनों की साझेदारी हुई, जो पाकिस्तान के खिलाफ भारत की पहली और सबसे बड़ी शतकीय साझेदारी थी. गिल भले ही अर्धशतक से 3 रन दूर रह गए, लेकिन तब तक पाकिस्तान की हार तय हो चुकी थी. भारत ने इस लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की.