
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट पूरी तरह से एकतरफा रहा और सबसे चौंकाने वाली बात ये कि ये मुकाबला पूरा भी नहीं, सिर्फ ढाई दिन में खत्म हो गया. टीम इंडिया ने बल्ले और गेंद दोनों से ऐसा तूफान मचाया कि वेस्टइंडीज की टीम को संभलने का मौका ही नहीं मिला. पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम महज़ 162 रन पर ऑलआउट हो गई. मियां भाई मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के आगे बल्लेबाजों के पैरों के नीचे की जमीन ही खिसक गई. सिराज ने पहली पारी में 4 विकेट झटके, वहीं बुमराह ने भी 3 विकेट अपने नाम किए.
स्पिन और पेस के तूफान में उड़े वेस्टइंडीज बल्लेबाज
पहली पारी की तबाही के बाद भी वेस्टइंडीज का बुरा सपना खत्म नहीं हुआ. भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और सिराज ने मिलकर कैरिबियाई बल्लेबाजी को फिर उखाड़ फेंका. सिराज ने दूसरी पारी में 11 ओवर में 3 विकेट लिए और मैच में कुल 7 विकेट झटक लिए, जबकि जडेजा ने अपनी फिरकी से कमाल दिखाते हुए 13 ओवर में 54 रन देकर 4 विकेट उड़ा दिए. स्पिन और पेस के इस तूफान में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 146 रन पर सिमट गई, और भारत ने ये मुकाबला एक पारी और 140 रन से जीत लिया.
तीन शतकवीरों ने दिखाया दम
जहां गेंदबाजों ने कमाल किया, वहीं बल्लेबाजों ने भी वेस्टइंडीज की हालत पतली कर दी. टीम इंडिया ने पहली पारी 5 विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की. इस स्कोर के पीछे तीन शतकवीर केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और ध्रुव जुरेल की मेहनत छिपी थी.राहुल ने 9 साल बाद भारत में शतक जड़ा और 197 गेंदों में शानदार 100 रन, जबकि विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जमाते हुए 210 गेंदों पर 125 रन बनाएइसके अलावा रवींद्र जडेजा ने ऑलराउंडर का मतलब ही बदल दिया 104 रन बनाकर नाबाद लौटे और फिर गेंद से 4 विकेट भी झटके. कप्तान शुभमन गिल ने भी 50 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी.
इसे भी पढ़ें : फिर पिटेगा भारत से Pakistan, हिंदुस्तान की 'शेरनियों' ने लगाई दहाड़, जानें कैसे-कहां पर देख सकेंगे आप भी मैच ?
रेड्डी ने लूटी मैदान में महफिल
हालांकि मैदान पर सबसे यादगार पल तब आया जब युवा खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी ने हवा में छलांग लगाकर वेस्टइंडीज के ओपनर तेजनारायण चंद्रपॉल का नामुमकिन कैच लपक लिया. वो दृश्य मानो किसी सुपरहीरो मूवी जैसा था क्योंकि दोनों पैर हवा में, आंखें गेंद पर और हाथों में इतिहास का पल कैमरे में कैद हो गया. इस शानदार फील्डिंग के बाद बीसीसीआई ने खुद इस वीडियो को शेयर किया और फैंस ने रेड्डी को हनुमान रेड्डी कहना शुरू कर दिया. इस कैच ने मैच का रुख वहीं मोड़ दिया और सिराज को उनका पांचवां विकेट मिला. टीम इंडिया ने इस मैच में वेस्टइंडीज को हर विभाग में पछाड़ दिया. सिराज-बुमराह की स्पीड, जडेजा की फिरकी, राहुल-जुरेल की सटीक बल्लेबाजी और रेड्डी की फील्डिंग सबने मिलकर ऐसा परफेक्ट टीम परफॉर्मेंस दिया जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया. वेस्टइंडीज की टीम जो कभी विश्व क्रिकेट की शान थी, अब भारत के सामने बेबस और बिखरी हुई नजर आई.