मानसून भले ही विदा ले चुका हो, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर नया मिज़ाज दिखाने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं। कई राज्यों में बादल जमकर बरस सकते हैं। कुछ जगहों पर ठंड बढ़ने के साथ-साथ तेज बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
केरल में फिर तेज बारिश के आसार
केरल में इस बार मानसून ने सबसे पहले दस्तक दी थी और पूरे सीजन राज्य में अच्छी बारिश देखने को मिली। मानसून के बाद भी यहां बारिश पूरी तरह से रुकी नहीं है। अब मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों के लिए अगले 48 घंटे का भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तमिलनाडु में भी बरसेंगे बादल
तमिलनाडु के लिए भी यह मानसून सीजन बेहतर रहा। राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। अब मानसून के बाद भी यहां मौसम का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तमिलनाडु के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Tariff पर Trump का बड़ा दावा, बोले अमेरिका को होगी 600 अरब डॉलर की कमाई, ठोकी मेज और दिखाई ताकत
उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिज़ाज बदला हुआ नजर आएगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ सकती है।
पूर्व और दक्षिण के राज्यों पर भी असर
मौसम विभाग के अनुसार, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले दो दिन अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, माहे और कराईकल में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और फिसलन की समस्या हो सकती है। प्रशासन को अलर्ट पर रहने और आम लोगों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर, अगले 48 घंटे देश के कई हिस्सों में मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।