5 मई को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी राज्यों तक मौसम के अचानक बिगड़ने की संभावना जताई गई है। अगले 10 घंटे के भीतर कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यूपी-बिहार में सबसे ज्यादा असर
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। यूपी के मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी है। वहीं बिहार के भागलपुर, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे इलाकों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है, जिससे बिजली गिरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें : 4 मई का महाधमाका: Bengal में बदली सत्ता, Asam में गिरा किला, दक्षिण में हिला समीकरण, पढ़ें Exclusive स्टोरी !
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने वाला है। पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी, जिससे भूस्खलन और रास्ते बंद होने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और त्रिपुरा में भी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में पहले से ही नमी ज्यादा होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दिल्ली और बड़े शहरों का हाल
दिल्ली में 5 मई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। यहां हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं लखनऊ, पटना, रांची और जयपुर जैसे शहरों में भी मौसम ठंडा रहेगा और बारिश के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी असर
तमिलनाडु और केरल में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा। खासकर किसानों के लिए चेतावनी जारी की गई है, क्योंकि तेज हवा और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। कई जगहों पर चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे आने वाले कुछ घंटे काफी अहम माने जा रहे हैं