Indian Army AI-READY: भारतीय सेना ने तकनीक आधारित युद्धक्षेत्र की ओर बड़ा कदम बढ़ाते हुए ‘AI हैंडबुक फॉर मिलिट्री लीडर्स’ जारी की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा लॉन्च की गई यह हैंडबुक सभी स्तरों के सैन्य कमांडरों को भविष्य की AI-संचालित युद्ध परिस्थितियों के लिए तैयार करने का ब्लूप्रिंट मानी जा रही है। इसमें आसान भाषा में AI और मशीन लर्निंग की मूल अवधारणाएं समझाई गई हैं और बताया गया है कि AI सिर्फ ऑटोमेशन का साधन नहीं, बल्कि सैन्य रणनीतियों में बड़े बदलाव लाने वाली तकनीक है।
नैतिक उपयोग और मानव नियंत्रण पर जोर
हैंडबुक में AI के उपयोग से जुड़ी प्रमुख सावधानियों और जोखिमों को भी जगह दी गई है। इसमें साफ कहा गया है कि किसी भी घातक सैन्य निर्णय में मानव नियंत्रण अनिवार्य रहेगा। डेटा बायस, सिस्टम फेलियर और गलत निर्णय जैसी चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी AI आधारित सैन्य सिस्टम अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और नैतिक मानकों के अनुरूप होने चाहिए।
AI-ड्रिवन फोर्स के लिए रोडमैप तैयार
हैंडबुक में सेना के लिए एक व्यावहारिक रोडमैप भी जारी किया गया है, जिसमें मजबूत नेतृत्व, बड़े डेटा सिस्टम, AI की समझ और नई सैन्य डॉक्ट्रिन को अनिवार्य बताया गया है। यह दस्तावेज भारतीय सेना के भीतर AI कल्चर की शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है। इससे साफ है कि सेना आने वाले समय में खुद को एक तकनीक-संचालित, AI-रेडी फोर्स के रूप में ढालने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।