
Indian businessman shot dead: कनाडा के सरी शहर में पंजाबी मूल के बड़े कारोबारी दर्शन सिंह की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटना तब हुई जब दर्शन सिंह अपने घर से बाहर निकले थे। वे कपड़ा रीसाइक्लिंग (Textile Recycling) उद्योग से जुड़े थे और उनकी फैक्ट्री में सैकड़ों लोग काम करते थे। कनाडा पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फिरौती और रंजिश दोनों एंगल पर काम किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दर्शन सिंह को पिछले कुछ समय से फिरौती की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन उन्होंने उन्हें गंभीरता से नहीं लिया था।
लुधियाना के रहने वाले थे कारोबारी दर्शन सिंह
दर्शन सिंह मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा इलाके के रहने वाले थे। वे कई साल पहले कनाडा जाकर बसे थे और अपनी मेहनत से बड़ा कारोबार खड़ा किया था। भारतीय समुदाय में उनका खासा सम्मान था और वे समाजसेवा में भी सक्रिय रहते थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्शन सिंह का स्वभाव शांत और मददगार था, जिसके चलते उनका समुदाय में गहरा प्रभाव था।
यह भी देखेंःIsrael-Hamas ceasefire: ट्रंप का पीस प्लान निकला खोखला, इजरायल-हमास फिर टूटा सीजफायर
बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
इस हत्या के कुछ घंटे बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अपराधी गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर इस वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि दर्शन सिंह से गैंग ने उनके कारोबार के बदले धन की मांग की थी, लेकिन जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर उनका संपर्क तोड़ दिया, तो यह कदम उठाया गया। हालांकि, कनाडा पुलिस ने फिलहाल किसी गैंगस्टर की भूमिका से इनकार किया है और कहा है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की भी संभावना है। जांच जारी है।