Indian Rupee used Nepal: भारतीय रुपये को लेकर नेपाल से बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। करीब एक दशक बाद नेपाल में 100 रुपये से अधिक मूल्य वाले भारतीय नोटों को फिर से चलन में लाने की तैयारी की जा रही है। इसमें 200 और 500 रुपये के नोट भी शामिल होंगे। लंबे समय से इस फैसले की मांग की जा रही थी, क्योंकि उच्च मूल्य के नोटों पर प्रतिबंध से पर्यटन, खासकर होटल और ट्रैवल सेक्टर पर नकारात्मक असर पड़ रहा था। नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कदम से भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले पर्यटकों, छात्रों, तीर्थयात्रियों और इलाज के लिए आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
नेपाल राष्ट्र बैंक करेगा औपचारिक ऐलान
नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) ने संकेत दिए हैं कि इस फैसले को जल्द ही आधिकारिक रूप दिया जाएगा। बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल के मुताबिक, नेपाल गजट में अधिसूचना प्रकाशित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके बाद बैंकों और वित्तीय संस्थानों को नए नियमों से जुड़ा सर्कुलर जारी किया जाएगा। हालांकि, यह नियम कब से लागू होंगे, इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचना जारी होते ही उच्च मूल्य के भारतीय नोटों को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति खत्म हो जाएगी।
यह भी देखेंःRaj Kumar Goyal: सूचना आयोग को मिलेगा नया मुखिया, राज कुमार गोयल संभालेंगे सीआईसी की जिम्मेदारी
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा फायदा
नेपाल में 200 और 500 रुपये के भारतीय नोटों पर प्रतिबंध के कारण कई भारतीय पर्यटक अनजाने में नियम तोड़ देते थे, जिससे उन्हें जुर्माने या कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता था। इस फैसले से ऐसे मामलों में कमी आएगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह कदम भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विदेशी मुद्रा नियमों में हालिया बदलाव के बाद उठाया गया है, जिसमें सीमित मात्रा में उच्च मूल्य के भारतीय नोट नेपाल ले जाने और वापस लाने की अनुमति दी गई है। भारत, नेपाल के लिए सबसे बड़ा पर्यटन स्रोत है, ऐसे में यह फैसला दोनों देशों के बीच आर्थिक और सामाजिक रिश्तों को और मजबूत करेगा।