देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए अहम सूचना जारी की है। ईरान और उसके आसपास के इलाकों में बिगड़ते हालात को देखते हुए इंडिगो ने कुछ इंटरनेशनल रूट्स की फ्लाइट्स 28 जनवरी तक कैंसिल कर दी हैं। एयरलाइन का कहना है कि मौजूदा हालात में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी वजह से उड़ानों की समीक्षा की जा रही है और एहतियातन यह फैसला लिया गया है।
इन शहरों की उड़ानें रद्द
इंडिगो ने जिन शहरों के लिए फ्लाइट्स कैंसिल की हैं, उनमें त्बिलिसी (जॉर्जिया), अल्माटी (कजाकिस्तान), ताशकंद (उज़्बेकिस्तान) और बाकू (अज़रबैजान) शामिल हैं। ये सभी रूट ईरान के हवाई क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए एयरलाइन फिलहाल इस एयरस्पेस से उड़ान भरने से बच रही है। रविवार को दिल्ली से त्बिलिसी और मुंबई से अल्माटी जाने वाली फ्लाइट्स पहले ही रद्द की जा चुकी हैं।
लंबी उड़ान और तकनीकी मजबूरी
जानकारी के मुताबिक भारत से इन शहरों तक आमतौर पर 6 से 7 घंटे का फ्लाइट टाइम होता है। इंडिगो इन रूट्स पर A320neo विमान का इस्तेमाल करती है। इन विमानों की रेंज और फ्यूल कैपेसिटी लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा रही है। ऐसे में बिना जोखिम लिए उड़ान को रोकना ही बेहतर विकल्प माना गया।
ये भी पढ़ें : पगड़ी से संदेश तक: 2015 से 2026 तक गणतंत्र दिवस पर कैसे बदला प्रधानमंत्री मोदी का पारंपरिक अंदाज़
यात्रियों को क्या सलाह दी गई
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें। एयरलाइन ने सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जो भी फैसले लिए जा रहे हैं, उनमें यात्रियों के सहयोग और धैर्य के लिए धन्यवाद। टिकट कैंसिल या रीशेड्यूल से जुड़ी जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध कराई जा रही है।
घरेलू उड़ानों पर भी असर
यह पहला मौका नहीं है जब इंडिगो को ऑपरेशनल फैसले लेने पड़े हों। हाल ही में डीजीसीए के निर्देश के बाद एयरलाइन ने सर्दियों के शेड्यूल में करीब 10 प्रतिशत उड़ानों में कटौती की थी। इसके चलते अलग-अलग घरेलू एयरपोर्ट्स पर 700 से ज्यादा स्लॉट भी खाली किए गए थे। लगातार बदलते हालात एयरलाइन इंडस्ट्री के लिए चुनौती बने हुए हैं।
SpiceJet ने भी जारी किया अलर्ट
वहीं दूसरी ओर स्पाइसजेट ने भी यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। चेन्नई में भारी बारिश की वजह से डिपार्चर और अराइवल फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है। स्पाइसजेट ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करें। कुल मिलाकर मौसम और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर यात्रियों की योजनाओं पर साफ दिखने लगा है।