
ऑस्ट्रेलिया टीम ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं दूसरी ओर इंदौर से टीम के साथ एक हादसा होने की खबरें सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि टीम की दो महिला खिलाड़ियों ने छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है. ये घटना खिलाड़ियों के साथ इंदौर में होटल से कैफे जाते समय हुई. जिसको लेकर महिला खिलाड़ियों ने सुरक्षा अधिकारियों को जानकारी दी. जिसके बाद 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा मैनेजर डैनी सिमंस ने एमआईजी पुलिस स्टेशन में घटना की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज करके बाइक सवार आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल दोनों ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ी अपनी टीम के बाकी सदस्यों के साथ रेडिसन ब्लू होटल में ठहरी हुई थीं. एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट्स के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया है कि पुलिस ने गुरुवार 23 अक्टूबर की सुबह खजराना रोड इलाके में हुई इस घटना में शामिल आरोपी अकील खान को गिरफ्तार कर लिया. वहीं इस मामले में सब इंस्पेक्टर निधि रघुवंशी का कहना है कि दोनों क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकलीं और एक कैफे की ओर जा रहीं थीं. तभी अकील बाइक से उनका पीछा करने लगा. खिलाड़ियों ने बताया कि कथित तौर पर उसने एक महिला क्रिकेटर को गलत तरीके से टच किया और भाग गया. जिसके बाद दोनों ने अपने टीम सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क किया, जिन्होंने स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क किया और मौके पर पहुंचे.
आरोपी अकील को पुलिस ने किया अरेस्ट
वहीं घटना की सूचना मिलने पर सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात की. जहां दोनों खिलाड़ियों के बयान दर्ज किए गए और एमआईजी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया. हिमानी मिश्रा ने बताया कि एक राहगीर ने संदिग्ध की बाइक का नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर आरोपी अकील खान को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : Aligarh में कानून व्यवस्था का बनाया खिलवाड़, बवाल कराने की साजिश का खुलासा, पढ़ें एक क्लिक में
सेमीफाइनल में जगह बना चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम
आपको बता दें कि वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है. जिसके चलते टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में अब तक 6 मुकाबले खेले हैं. इसमें से 5 में जीत दर्ज कर ली है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.