भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। वडोदरा में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की थी, जबकि राजकोट में भारत ने शानदार वापसी की। अब तीसरा और आखिरी वनडे इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां से सीरीज का विजेता तय होगा। यह मुकाबला रविवार 18 जनवरी को दोपहर 1 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। इंदौर का मैदान टीम इंडिया के लिए हमेशा से लकी रहा है, क्योंकि यहां खेले गए सभी 7 वनडे मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की है।
पानी को लेकर इंदौर में बढ़ी चिंता
देश के सबसे साफ शहरों में गिने जाने वाले इंदौर में बीते कुछ दिनों से दूषित पानी को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अब भी बीमार हैं। इस घटना के बाद पूरे शहर में पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले अहम मुकाबले से पहले पानी की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
शुभमन गिल साथ लाए 3 लाख की खास मशीन
इसी बीच एक खबर ने सबका ध्यान खींचा है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इंदौर दौरे पर अपने साथ करीब 3 लाख रुपये कीमत की खास वॉटर प्यूरिफिकेशन मशीन लेकर आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मशीन आरओ और पैक्ड बोतल के पानी को भी दोबारा पूरी तरह शुद्ध करने में सक्षम है। गिल ने इस मशीन को अपने होटल के कमरे में ही लगवाया है और इसके इस्तेमाल की जानकारी होटल स्टाफ को भी नहीं दी गई है।
क्या दूषित पानी बना वजह
हालांकि यह साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता कि गिल ने यह कदम इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के कारण उठाया है या यह उनकी निजी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। टीम प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। लेकिन इतना तय है कि निर्णायक मुकाबले से पहले किसी भी तरह का जोखिम उठाने के मूड में टीम इंडिया नहीं है। खिलाड़ियों की सेहत को लेकर हर स्तर पर एहतियात बरती जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Bareilly में एक साथ दो इलाकों में बुलडोजर की आहट, सैकड़ों घर-दुकानों पर लाल निशान, क्या पूरा इलाका मलबे में बदल जाएगा
खिलाड़ियों की डाइट पर भी खास ध्यान
बीसीसीआई ने टीम इंडिया के साथ अलग से शेफ भी भेजे हैं, जो खिलाड़ियों की डाइट का पूरा ध्यान रख रहे हैं। विराट कोहली की डाइट में उबला और स्टीम्ड खाना शामिल रहता है। नाश्ते में नींबू के साथ ग्रीन टी, स्प्राउट और खाने में हरी ग्रिल्ड सब्जियां, दाल, रायता और सूप शामिल होते हैं। वहीं रोहित शर्मा की डाइट में स्प्राउट, बादाम, फल, ओट्स, पनीर, सब्जी, दाल और चावल शामिल हैं।
होल्कर स्टेडियम में भारत का दबदबा
इंदौर का होल्कर स्टेडियम टीम इंडिया के लिए बेहद खास रहा है। यहां खेले गए सभी वनडे मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि निर्णायक मैच में भी भारत इस रिकॉर्ड को बरकरार रखेगा। लेकिन पानी को लेकर बढ़ी सतर्कता ने इस मुकाबले से पहले माहौल को थोड़ा अलग जरूर बना दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर टीम इंडिया अपना दबदबा कायम रख पाती है या नहीं।