आईपीएल 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के टूर्नामेंट में खेलने पर रोक लगा दी है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने साफ किया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्ताफिजुर को स्क्वॉड से रिलीज करने का निर्देश दिया गया है। यह फैसला ऐसे वक्त आया है जब लीग की तैयारियां तेज हो चुकी थीं और फ्रेंचाइजी अपने संयोजन को अंतिम रूप दे रही थीं।
KKR को बदला करने की छूट
बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि केकेआर यदि मुस्ताफिजुर की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करना चाहती है, तो बोर्ड इसकी अनुमति देगा। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में केकेआर ने मुस्ताफिजुर पर 9.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे। इस निर्देश के बाद फ्रेंचाइजी को अपने बॉलिंग कॉम्बिनेशन पर दोबारा काम करना होगा, क्योंकि मुस्ताफिजुर डेथ ओवर्स में अहम विकल्प माने जाते थे।
ये भी पढ़ें : बेटी के नाम बिना जोखिम मोटी कमाई, सुकन्या समृद्धि योजना से सिर्फ ब्याज में मिल सकते हैं 50 लाख रुपये
विरोध और माहौल की पृष्ठभूमि
मुस्ताफिजुर को केकेआर द्वारा खरीदने के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त विरोध देखने को मिला था। फैन्स के साथ-साथ कुछ राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने भी बांग्लादेशी खिलाड़ी के आईपीएल में खेलने पर सवाल उठाए थे। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ी और हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आईं। हालिया घटनाओं के बाद भारत में बांग्लादेश को लेकर माहौल और संवेदनशील हो गया, जिसका असर आईपीएल के इस फैसले पर भी दिखा।
वर्ल्ड कप वीजा और IPL रिकॉर्ड
आईपीएल से बाहर होने के बावजूद बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने को लेकर बीसीसीआई भारतीय विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। बांग्लादेश को ग्रुप स्टेज के मैच कोलकाता और मुंबई में खेलने हैं और बोर्ड को वीजा प्रक्रिया में बड़ी बाधा की आशंका नहीं है। आईपीएल करियर की बात करें तो मुस्ताफिजुर सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। 60 मैचों में 65 विकेट उनका अनुभव बताते हैं, लेकिन आईपीएल 2026 में उनकी मौजूदगी अब नहीं दिखेगी।