Iran and America Face Off Again: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर 20 अप्रैल 2026 को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल एक दिन पहले, यानी 19 अप्रैल को वहां पहुंच सकते हैं।
पहले दौर की बातचीत रही बेनतीजा
इससे पहले 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में ही दोनों देशों के बीच वार्ता हुई थी, जिसमें करीब 39 दिनों से जारी संघर्ष को खत्म करने पर चर्चा हुई। हालांकि यह बातचीत किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी थी, जिसके बाद अब दूसरे दौर से उम्मीदें बढ़ गई हैं।
पाकिस्तान निभा रहा अहम भूमिका
इस पूरी प्रक्रिया में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। हाल ही में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर शांति प्रयासों पर जोर दिया। दोनों देशों ने इस दिशा में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना भी की है।
यह भी देखेंःWomens Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में अटका फैसला, बहुमत न मिलने से नहीं हो पाया पास
कूटनीतिक मुलाकातों का सिलसिला जारी
इसी बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने तेहरान में ईरान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। यह पहल भी अमेरिका-ईरान वार्ता को फिर से शुरू कराने की कोशिशों का हिस्सा मानी जा रही है। क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए लगातार कूटनीतिक गतिविधियां जारी हैं।
सीजफायर के बीच बढ़ी उम्मीदें
वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच 10 दिन के युद्धविराम का ऐलान किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का यह दौर मिडिल ईस्ट में तनाव कम करने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।