ट्रेन से सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। अब यात्रियों को भूख लगने पर स्टेशन पर उतरने या डिब्बों में भटकने की जरूरत नहीं होगी। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए ई-पैंट्री सर्विस शुरू की है। इस सुविधा के तहत यात्रियों को उनकी सीट पर ही गरम, साफ-सुथरा और तय कीमत वाला खाना मिलेगा।
पहले सिर्फ प्रीमियम ट्रेनों तक सीमित थी सुविधा
अब तक ऑनलाइन फूड बुकिंग की सुविधा केवल राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में ही मिलती थी। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को इस सुविधा का इंतजार था। ई-पैंट्री सर्विस शुरू होने के बाद अब आम ट्रेनों के यात्री भी इस सुविधा का फायदा उठा सकेंगे, खासकर उन ट्रेनों में जहां टिकट के साथ खाना शामिल नहीं होता।
क्या है ई-पैंट्री सर्विस
ई-पैंट्री सर्विस के जरिए यात्री यात्रा से पहले या यात्रा के दौरान ऑनलाइन खाना और पैकेज्ड पानी बुक कर सकते हैं। यह सुविधा IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से जुड़ी हुई है। जिन यात्रियों का टिकट कन्फर्म, RAC या आंशिक रूप से कन्फर्म है, वे “बुक टिकट हिस्ट्री” सेक्शन में जाकर स्टैंडर्ड मील और रेल नीर पहले से ऑर्डर कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Lamborghini हादसे के बाद चर्चा में आलीशान जिंदगी, कौन है Shivam Mishra, जिसके शौक और रुतबे ने सबको चौंकाया
खाना बुक करने का आसान तरीका
खाना ऑर्डर करने के बाद यात्री को SMS या ईमेल के जरिए कन्फर्मेशन मैसेज मिलता है। साथ ही एक मील वेरिफिकेशन कोड भी भेजा जाता है। यात्रा के दिन ट्रेन में आने वाला वेंडर इस कोड को दिखाने पर सीधे यात्री की सीट तक खाना पहुंचा देता है। इससे न तो किसी को लाइन में लगना पड़ेगा और न ही खाने की क्वालिटी को लेकर चिंता रहेगी।
इन ट्रेनों में शुरू हुई सुविधा
ई-पैंट्री सर्विस की शुरुआत पहले विवेक एक्सप्रेस में ट्रायल के तौर पर की गई थी, जिसे यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसके बाद अब यह सुविधा 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में शुरू कर दी गई है। इनमें स्वतंत्र सेनानी एक्सप्रेस, स्वर्णजयंती एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, मंगला द्वीप एक्सप्रेस, कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, नेत्रावती एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
यात्रियों के लिए क्यों है फायदेमंद
यह सर्विस उन यात्रियों के लिए खास तौर पर फायदेमंद है, जो लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से सफर करते हैं। इससे उन्हें हाइजीनिक खाना तय दाम पर मिलेगा और बाहर से खाना खरीदने की मजबूरी नहीं रहेगी। IRCTC का कहना है कि यात्रियों के फीडबैक के आधार पर भविष्य में इस सुविधा को और ज्यादा ट्रेनों में शुरू किया जाएगा, ताकि रेल यात्रा और ज्यादा आरामदायक बन सके।