कानपुर के पॉश ग्वालटोली इलाके में रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने पहले एक बुलेट बाइक को टक्कर मारी, फिर एक ऑटो को चपेट में लिया और आखिर में अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद कार से निकालकर ले जाए गए शिवम
हादसे के तुरंत बाद कार चला रहे युवक को उसके बॉडीगार्ड्स ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अपने साथ ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि युवक नशे की हालत में था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि हादसे के बाद जिस तरह से युवक को मौके से हटाया गया, उस पर भी सवाल उठने लगे हैं।
कौन है शिवम मिश्रा
हादसे के बाद जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है शिवम मिश्रा। वह मशहूर तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे हैं। शिवम इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। दो साल पहले आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान उनका नाम सामने आया था, जिसके बाद उनकी लाइफस्टाइल को लेकर खूब चर्चा हुई थी।
ये भी पढ़ें : फोन आपके हाथ में, नेटवर्क स्कैमर्स के कब्जे में! नकली टावर से हो रही चोरी, बिना क्लिक के उड़ सकता है पैसा
आयकर छापेमारी से खुली दौलत की परतें
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आयकर विभाग ने शिवम के पिता की कंपनी बंशीधर तंबाकू लिमिटेड पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई 5 राज्यों में करीब 20 ठिकानों पर हुई थी, जिनमें कानपुर, दिल्ली, मुंबई और गुजरात शामिल थे। कंपनी ने अपनी सालाना आय 20 से 25 करोड़ रुपये दिखाई थी, जबकि अधिकारियों का अनुमान था कि असली कारोबार 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच है।
लग्जरी कारों और महंगी घड़ियों का शौक
छापेमारी के दौरान शिवम के दिल्ली स्थित आवास से कई लग्जरी कारें बरामद हुई थीं। इन सभी गाड़ियों का नंबर ‘4018’ था और इनकी कुल कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई गई थी। इनमें 16 करोड़ की रोल्स-रॉयस फैंटम, मैकलारेन, पोर्श और लैंबोर्गिनी रेवुएल्टो शामिल थीं। इसके अलावा 4.5 करोड़ रुपये नकद और करीब 7 करोड़ रुपये के आभूषण भी मिले थे। शिवम की महंगी घड़ियां भी जब्त की गईं, जिनमें एक हीरे जड़ी घड़ी की कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई गई।
हादसे के बाद फिर सवालों में रुतबा और सिस्टम
ग्वालटोली हादसे के बाद एक बार फिर शिवम मिश्रा की आलीशान जिंदगी चर्चा में है। सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या इतनी महंगी गाड़ियों और रसूख के आगे कानून कमजोर पड़ जाता है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है, लेकिन लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या इस बार कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रहेगी या सच में जिम्मेदारी तय होगी।