
अक्सर लंबी दूरी के लिए लोग ट्रेन का सफर ही चुनते हैं. इस सफर के लिए कई लोग महीनों तक प्लानिंग करते हैं, जब सब कुछ तय हो जाता है तो अचानक से कोई ना कोई अड़चन आ जाती है. ऐसे में अगर ट्रेन की टिकट बुक कर ली गई है सबके मन में पहला सवाल यही आता है कि फिर टिकट का क्या होगा? अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए तो अब परेशान ना हों क्योंकि रेलवे की ये नई पॉलिसी अब आपके काम आने वाली है.
क्या है रेलवे की नई पॉलिसी?
अब आप रेलवे की नई टिकट पॉलिसी के तहत अपनी कन्फर्म टिकट को रद्द करने की जगह सीधा नई ट्रेवल डेट चुन सकते हैं. यानी कि अगर आपकी ट्रेन की डेट बदल गई, तो टिकट को कैंसिल करने और नुकसान उठाने की कोई जरूरत नहीं. बस नई तारीख चुनिए और सफर कीजिए.
IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर मिलेगी सुविधा
ये पूरी सुविधा आपको IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर मिल जाएगी. यात्री अपनी बुक की गई टिकट को लॉग इन करके देख सकते हैं और सीट उपलब्धता के आधार पर नई तारीख या ट्रेन का चुनाव भी बड़ी ही आसानी से कर सकते हैं. इसके लिए सिर्फ किराए का अंतर (अगर कोई हो) ही देना पड़ेगा और कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं देना होगा.
यात्रियों का पैसा और समय दोनों बचेगा
अभी की व्यवस्था में अगर आप कन्फर्म टिकट रद्द करते हैं, तो आपको 25% से 50% तक का शुल्क देना पड़ता है और अगर ट्रेन छूट जाए तो कोई रिफंड भी नहीं मिलता है लेकिन इस नई प्रणाली में कैंसिलेशन की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. जिसकी वजह से यात्रियों का पैसा और समय दोनों बचेगा.
इसे भी पढ़ें : UP सरकार लाई किसानों के लिए सुनहरा मौका, मशरूम के उत्पादन पर मिलेगी 8 लाख तक की सब्सिडी, बस करना होगा ये काम
फ्रीक्वेंट ट्रैवलर्स के लिए ये सुविधा बहुत फायदेमंद
खासतौर पर फ्रीक्वेंट ट्रैवलर्स के लिए ये सुविधा बहुत फायदेमंद होगी जैसे स्टूडेंट्स, ऑफिस जाने वाले या ऐसे लोग जो अक्सर शहरों के बीच सफर करते हैं. अब अगर उनकी यात्रा की प्लानिंग अचानक बदल भी जाती है, तो वे बिना किसी टेंशन के टिकट को दोबारा शेड्यूल कर सकते हैं. देखा जाए तो दुनिया के कई देशों में पहले से ऐसी सुविधाएं मौजूद हैं. जापान, यूके और यूरोप में यात्री टिकट को फ्लेक्सीबल तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं. अब भारतीय रेलवे भी इसी दिशा में कदम बढ़ा रहा है, जिससे यात्रियों को इंटरनेशनल लेवल की सुविधा का अनुभव होगा.