ट्रेन टिकट बुक करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे इंतजार के बाद IRCTC ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन शुरू कर दिया है। अभी यात्री इसे मौजूदा वेबसाइट के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। लोगों से मिलने वाले सुझावों के बाद जरूरी बदलाव किए जाएंगे और फिर इसे सभी के लिए जारी किया जाएगा। माना जा रहा है कि नई वेबसाइट अगस्त के आसपास पूरी तरह शुरू हो सकती है।
टिकट बुकिंग होगी आसान
नई वेबसाइट में टिकट बुक करने का तरीका पहले से काफी आसान बनाया गया है। पुरानी वेबसाइट में आने वाले बार-बार के कैप्चा, बेवजह के पॉप-अप और दूसरी परेशानियां हटा दी गई हैं। नया लेआउट साफ और आसान है, जिससे टिकट बुक करने में कम समय लगेगा। खासकर तत्काल टिकट बुक करने वालों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है।
बार-बार नहीं भरनी होगी जानकारी
नई वेबसाइट का एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि यात्रियों की जानकारी सेव रहेगी। यानी हर बार टिकट बुक करते समय नाम, उम्र और दूसरी जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जो लोग अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं, उनके लिए यह सुविधा समय भी बचाएगी और टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा आसान बनाएगी।
ये भी पढ़ें : High Court सख्त, Sonam Wangchuk की सेहत पर सरकार को दिए बड़े निर्देश
अब हर मिनट होगी रिकॉर्ड बुकिंग
नई वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत इसकी क्षमता है। रिपोर्ट के मुताबिक अब हर मिनट करीब 1.5 लाख टिकट बुक की जा सकेंगी। अभी मौजूदा सिस्टम में हर मिनट करीब 32 हजार टिकट ही बुक हो पाती हैं। यही वजह है कि तत्काल टिकट शुरू होते ही वेबसाइट अक्सर धीमी पड़ जाती है या सर्वर पर दबाव बढ़ जाता है। नई तकनीक से इस परेशानी में बड़ी कमी आने की उम्मीद है।
पूछताछ की रफ्तार भी होगी तेज
सिर्फ टिकट बुकिंग ही नहीं, रेलवे ने अपने बैकएंड सिस्टम को भी काफी मजबूत बनाया है। अब पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम हर मिनट 40 लाख से ज्यादा पूछताछ संभाल सकेगा। पहले इसकी क्षमता करीब 4 लाख थी। यानी नया सिस्टम पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा ट्रैफिक आसानी से संभाल सकेगा और वेबसाइट के रुकने की संभावना भी कम होगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
नई वेबसाइट का मकसद यात्रियों को तेज, आसान और भरोसेमंद टिकट बुकिंग सुविधा देना है। अगर बीटा वर्जन पर मिले सुझावों के बाद सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो जल्द ही लोगों को ऐसा प्लेटफॉर्म मिलेगा जहां टिकट बुकिंग पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी। इससे तत्काल टिकट के समय होने वाली परेशानी कम होगी और सर्वर क्रैश जैसी दिक्कतों से भी राहत मिलने की उम्मीद है।