
IRCTC website: दिवाली से ठीक पहले घर जाने की तैयारी में जुटे यात्रियों के लिए झटका देने वाली खबर आई है। गुरुवार सुबह भारतीय रेलवे की टिकटिंग वेबसाइट और ऐप IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) अचानक ठप हो गए। सुबह से ही लाखों यूजर्स न तो टिकट बुक कर पा रहे हैं और न ही कैंसिल कर पा रहे हैं। वेबसाइट और ऐप दोनों ही “अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं” दिखा रहे हैं। इस तकनीकी खराबी की वजह से यात्रियों में हड़कंप मचा है क्योंकि त्योहारों के समय ट्रेन टिकट की भारी मांग रहती है।
IRCTC ने जारी किया नोटिस
IRCTC की वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि “तकनीकी कारणों से अगले एक घंटे तक बुकिंग और कैंसिलेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।” यात्रियों से कहा गया है कि वे टिकट रद्द करने या टीडीआर दाखिल करने के लिए 08044647999, 08035734999 पर कॉल करें या [email protected] पर ईमेल भेजें। खास बात यह है कि वेबसाइट तत्काल टिकट बुकिंग के समय से ठीक पहले, यानी लगभग सुबह 10:40 बजे के आसपास डाउन हुई, जिससे सबसे ज्यादा यात्रियों को परेशानी हुई। स्लीपर क्लास की तत्काल बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होती है, लेकिन उससे पहले ही सर्वर फेल हो गया।
यह भी देखेंःAyushman Card: आयुष्मान कार्ड की लिमिट खत्म? जानिए कैसे मिलेगा इलाज और कब होती है रीसेट
IRCTC के शेयर पर भी असर
IRCTC की तकनीकी गड़बड़ी का असर शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। आज सुबह 11:10 बजे तक कंपनी का शेयर 0.28% गिरकर 717.05 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि, पिछले दो हफ्तों में स्टॉक में करीब 1.44% की बढ़त दर्ज की गई थी। पिछले एक साल में शेयर में लगभग 17.7% की गिरावट आई है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब 57,400 करोड़ रुपये है। फिलहाल रेलवे की टेक्निकल टीम सर्वर बहाल करने में जुटी हुई है, ताकि यात्रियों को फिर से टिकट बुकिंग की सुविधा मिल सके।