
Defence Minister Rajnath Singh: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ शनिवार को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नया अध्याय लिखने जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरोजिनी नगर स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट से तैयार की गई पहली ब्रह्मोस मिसाइलों की खेप को हरी झंडी दिखाएंगे। यह क्षण उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (UPDIC) के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। इस यूनिट में सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों की इंटीग्रेशन और टेस्टिंग पूरी तरह भारतीय तकनीक से की गई है।
ब्रह्मोस यूनिट से पहली मिसाइल खेप
लखनऊ की यह अत्याधुनिक यूनिट 11 मई 2025 को उद्घाटन के बाद पूर्ण रूप से संचालन में आई थी। यहां मिसाइल के इंटीग्रेशन, टेस्टिंग और गुणवत्ता मूल्यांकन की नवीनतम सुविधाएं मौजूद हैं। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री बूस्टर भवन का उद्घाटन करेंगे और डॉकिंग प्रक्रिया, एयरफ्रेम, एवियोनिक्स व सिम्युलेटर उपकरणों का प्रदर्शन भी देखा जाएगा। ब्रह्मोस एयरोस्पेस के प्रमुख डॉ. जयतीर्थ आर. जोशी मुख्यमंत्री को राजस्व योगदान के प्रतीक के रूप में चेक और GST बिल भी सौंपेंगे। इस परियोजना से राज्य को नियमित राजस्व आय और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
यह भी देखेःDelhi AQI crosses: दिल्ली की हवा में घुला जहर, कई इलाकों में AQI खतरे के पार
उत्तर प्रदेश बनेगा रक्षा उत्पादन का नया हब
सरोजिनी नगर की ब्रह्मोस यूनिट उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यहां मिसाइलों के असेंबली से लेकर अंतिम परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया भारत में ही की जाती है। यह कदम भारत के ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ मिशन को गति देगा और प्रदेश को देश के अगले एयरोस्पेस व रक्षा विनिर्माण हब के रूप में स्थापित करेगा। ब्रह्मोस एयरोस्पेस की यह पहल न केवल भारतीय सेनाओं की आवश्यकताओं को पूरा करेगी बल्कि भविष्य में वैश्विक निर्यात बाजार में भी भारत की उपस्थिति को मजबूत बनाएगी।