टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया की जीत के बाद एक ऐसी कहानी सामने आई जिसने हर क्रिकेट प्रेमी को भावुक कर दिया। यह कहानी ईशान किशन के हौसले की है। दरअसल फाइनल मुकाबले से ठीक पहले ईशान किशन के परिवार में बड़ा हादसा हो गया था। उनकी चचेरी बहन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। यह खबर मिलने के बाद ईशान के लिए मैदान पर उतरना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और देश के लिए खेलने का फैसला किया।
दर्द के बावजूद खेली 54 रन की पारी
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 256 रन का लक्ष्य दिया। इसी मैच में ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली। उनकी इस पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस दौरान उनका आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था। बाद में जब यह जानकारी सामने आई कि वह निजी दुख के बीच मैदान पर उतरे थे, तो लोगों ने उनके जज्बे को सलाम किया।
मुश्किल समय में हार्दिक पांड्या ने दिया साथ
ईशान किशन ने बताया कि इस कठिन समय में टीम के साथी हार्दिक पांड्या ने उनका हौसला बढ़ाया। जब वह मानसिक रूप से परेशान थे, तब पांड्या ने उन्हें गले लगाकर हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि टीम और देश को सबसे ऊपर रखना चाहिए। यही बात ईशान के दिल को छू गई और उन्होंने मैदान पर उतरकर पूरी ताकत के साथ खेला। मैच जीतने के बाद हार्दिक पांड्या ने उन्हें फिर से गले लगाकर बधाई दी।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup जीतते ही कप्तान Suryakumar Yadav ने रचा नया इतिहास, जीत प्रतिशत में बने दुनिया के नंबर 1 कप्तान, पीछे छूटे Rohit Sharma
टूर्नामेंट में भी रहा शानदार प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन का प्रदर्शन भी शानदार रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 317 रन बनाए और टीम इंडिया के लिए अहम बल्लेबाज साबित हुए। हालांकि फाइनल में खेली गई उनकी 54 रन की पारी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। क्योंकि यह सिर्फ एक अच्छी बल्लेबाजी नहीं थी, बल्कि उस खिलाड़ी की कहानी थी जिसने निजी दुख के बावजूद मैदान पर उतरकर देश के लिए खेला और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।