आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस अहम मुकाबले में हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि मैच खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा जीत से ज्यादा ईशान किशन के वायरल वीडियो की होने लगी, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी।
ईशान ने खेली दमदार पारी
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए। टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर जरूर खड़ा किया लेकिन गेंदबाज उसे बचा नहीं सके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने शानदार जिम्मेदारी दिखाई। उन्होंने 47 गेंदों पर 70 रन बनाए। इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी की बदौलत टीम ने एक ओवर बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद शुरू हुआ नया विवाद
मुकाबला खत्म होने के बाद ईशान किशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में वह दर्शकों की ओर देखकर सीटी बजाते दिखाई दिए। चेन्नई सुपर किंग्स के समर्थकों को "विसिल पोडू" के नाम से जाना जाता है। ऐसे में कई लोगों ने इस हरकत को सीएसके फैंस से जोड़कर देखना शुरू कर दिया।
इशारों ने बढ़ाई चर्चा
वीडियो में आगे ईशान हाथों से कुछ इशारे करते हुए भी नजर आए। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे "घर जाओ" वाले इशारे से जोड़ दिया। हालांकि वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे सिर्फ जीत का उत्साह बताया, जबकि कई समर्थकों ने इसे विरोधी फैंस का मजाक उड़ाना करार दिया।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आया। कुछ लोगों का कहना है कि खिलाड़ियों के जश्न को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, जबकि कुछ फैंस इसे खेल भावना के खिलाफ बता रहे हैं। हालांकि ईशान किशन या टीम की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसे भी पढ़ें : 15 साल का तूफान, टीम इंडिया में एंट्री तय? Vaibhav पर दिग्गज का बड़ा दावा
सीएसके की राह हुई मुश्किल
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टीम के 13 मैचों में सिर्फ 12 अंक हैं और वह अंक तालिका में छठे स्थान पर है। अब टीम आखिरी मैच जीत भी जाती है तो उसके अधिकतम 14 अंक ही होंगे। ऐसे में चेन्नई की राह अब बाकी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर करती दिखाई दे रही है।