सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऐसा तूफान खड़ा किया है कि बड़े-बड़े गेंदबाज भी हैरान रह गए हैं। जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और कगिसो रबाडा जैसे दुनिया के खतरनाक गेंदबाज भी उनके सामने संघर्ष करते दिखाई दिए हैं। जिस आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज से वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है।
मोहित शर्मा ने कर दी बड़ी मांग
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने अब वैभव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वैभव अब इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। SportsBoom से बातचीत में मोहित ने साफ कहा कि अगर टीम में जगह है तो उन्हें तुरंत मौका मिलना चाहिए। उनका मानना है कि बड़े खिलाड़ियों और मजबूत टीमों के खिलाफ प्रदर्शन करना सबसे बड़ी परीक्षा होती है और वैभव आईपीएल में यही काम कर रहे हैं।
रनों की नहीं तूफान की कहानी
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सिर्फ रन नहीं बना रहे बल्कि गेंदबाजों पर पूरी तरह हमला बोल रहे हैं। उन्होंने 12 मैचों में 486 रन बना दिए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उनके विस्फोटक स्ट्राइक रेट 237.78 की हो रही है। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक भी निकले हैं। राजस्थान रॉयल्स को कई मुकाबलों में उनकी तूफानी शुरुआत का सीधा फायदा मिला है।
टीम इंडिया में जगह की टक्कर
हालांकि टीम इंडिया में जगह बनाना आसान नहीं होगा। भारतीय टीम के पास पहले से कई मजबूत ओपनिंग विकल्प मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने सही संयोजन चुनने की बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
मजाक में भी कर दी तारीफ
मोहित शर्मा ने मजाकिया अंदाज में भी वैभव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ मैं आईपीएल से रिटायर हो गया, नहीं तो वैभव मुझे भी मारते। उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ ताकत के दम पर बल्लेबाजी नहीं करते बल्कि उनकी टाइमिंग, तकनीक और आत्मविश्वास भी शानदार है।
इसे भी पढ़ें : KKR पर लिटन दास का बड़ा खुलासा, बोले- मुझे लगा टीम को मेरी जरूरत ही नही
अगला सुपरस्टार बनेंगे वैभव?
15 साल की उम्र में जिस तरह वैभव बड़े मंच पर लगातार बेखौफ खेल रहे हैं, उसने करोड़ों फैंस को रोमांचित कर दिया है। अब सवाल सिर्फ उनके डेब्यू का नहीं रह गया है। चर्चा इस बात की भी शुरू हो गई है कि क्या भारतीय क्रिकेट को अपना अगला बड़ा सुपरस्टार मिल चुका है।