
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, रांची पुलिस और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। इस ऑपरेशन के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने ISIS से जुड़े संदिग्ध आतंकी अजहर दानिश और आफताब को गिरफ्तार कर लिया है। अजहर को झारखंड की राजधानी रांची से जबकि आफताब को दिल्ली से पकड़ा गया।
अजहर पर पहले से था केस दर्ज
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक अजहर दानिश के खिलाफ दिल्ली में पहले से ही एक मामला दर्ज था। उसी केस के आधार पर स्पेशल सेल उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई ISIS से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल को खत्म करने की दिशा में अहम कदम है।
संयुक्त छापेमारी से मिली सफलता
इस ऑपरेशन में तीनों एजेंसियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर तालमेल बैठाकर छापेमारी की। रांची के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज में छापा मारकर अजहर को गिरफ्तार किया गया। वहीं दिल्ली में छापेमारी कर आफताब को पकड़ा गया। इसके अलावा झारखंड के पलामू जिले में भी पुलिस ने कार्रवाई की। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने इस बात की पुष्टि की है।
हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान हथियारों के साथ कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी बरामद किए गए हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि आतंकी नेटवर्क से जुड़ी और जानकारी सामने लाई जा सके। शुरुआती जांच में पता चला है कि अजहर जनवरी 2024 में रांची के पत्थलकुदवा मस्जिद के पास रह रहा था और इसके बाद वह तबारक लॉज में शिफ्ट हो गया था।
ये भी पढ़ें : Nepalganj में हंगामा और India-Nepal सीमा बंद, SSB-पुलिस अलर्ट, सीमा पर कैंप और कड़ी चेकिंग जारी
आतंकी मॉड्यूल की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश
गिरफ्तार संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी बताते हैं कि अजहर की गतिविधियों, उसके संपर्कों और नेटवर्क का खाका खंगाला जा रहा है। एजेंसियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी सिर्फ शुरुआत है और इसके जरिए कई और कड़ियां खुलने की संभावना है।
आतंकी खतरे को रोकने की दिशा में बड़ी कामयाबी
सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि यह कार्रवाई किसी बड़े आतंकी खतरे को टालने की दिशा में बेहद अहम है। एक अधिकारी ने कहा, “हमारा मकसद आतंकी नेटवर्क की हर कड़ी तक पहुंचना है। इस ऑपरेशन ने दिखा दिया है कि हमारी एजेंसियां किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।”
फिलहाल, अजहर दानिश और आफताब से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही ISIS से जुड़े इस नेटवर्क के और कई राज सामने आएंगे।