Israel kills Commander: इजरायल ने दावा किया है कि उसने हमास की मिलिट्री विंग के प्रमुख इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को हवाई हमले में मार गिराया है। इजरायली सेना के अनुसार अल-हद्दाद उन शीर्ष कमांडरों में शामिल था, जिन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले की योजना बनाई थी। हमास ने भी सोशल मीडिया के जरिए उसकी मौत की पुष्टि कर दी है। इस कार्रवाई को इजरायल 7 अक्टूबर हमले का बड़ा जवाब मान रहा है।
गाजा में एयरस्ट्राइक में हुई मौत
इजरायली सेना के मुताबिक शुक्रवार को गाजा में किए गए एयरस्ट्राइक के दौरान अल-हद्दाद मारा गया। सेना का कहना है कि वह हमास का प्रमुख सैन्य रणनीतिकार था और हमले की योजना तैयार करने में उसकी अहम भूमिका थी। 7 अक्टूबर 2023 के हमले में करीब 1200 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 250 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था।
मोहम्मद सिनवार के बाद संभाली थी कमान
रिपोर्ट्स के अनुसार अल-हद्दाद ने मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद हमास की सैन्य कमान संभाली थी। इजरायल ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने युद्ध के दौरान कई बार इजरायली बंधकों को सुरक्षा कवच की तरह इस्तेमाल किया। इजरायल लंबे समय से उसे हमास के सबसे अहम सैन्य नेताओं में गिनता था।
यह भी देखेंःFollowing PM Modis Appeal: PM मोदी की अपील का असर, दिल्ली मेट्रो अब हर सोमवार चलाएगी अतिरिक्त फेरे
हमले में परिवार के सदस्य भी मारे गए
गाजा में हुए हमले में अल-हद्दाद के साथ उसकी पत्नी और बेटी समेत छह अन्य लोगों की भी मौत हुई है। उसके परिजनों ने इसकी पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि उसके दो बेटों की मौत पहले ही इजरायल-हमास संघर्ष के दौरान हो चुकी थी। शनिवार को गाजा में उसे दफनाया गया, जहां उसका जनाजा हमास और फिलिस्तीन के झंडों में लपेटकर निकाला गया।
सीजफायर के बीच बढ़ा तनाव
इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के दौरान सीजफायर की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर समझौते के उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक युद्धविराम लागू होने के बाद भी 850 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।