
राजस्थान के जयपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां मनोहरपुर इलाके में मजदूरों से भरी एक निजी बस में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हाई टेंशन तार छूने के बाद हुआ. बस में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख बन गई. इस भयानक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में 5 से 6 गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जो आग लगने के बाद एक के बाद एक ब्लास्ट हो गए. सिलेंडर विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे बच निकलना बेहद मुश्किल हो गया. झुलसे हुए मजदूरों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख !
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है. घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटने के आदेश दिए हैं. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि राजस्थान में हाल के दिनों में ऐसे हादसे बढ़े हैं, जिससे आम लोगों की जान जा रही है. गहलोत ने लिखा जयपुर के मनोहरपुर में श्रमिकों से भरी बस के हाईटेंशन लाइन छूने से आग लगने की घटना बेहद दुखद है. ये चिंता की बात है कि राज्य में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं. सरकार को इस दिशा में कड़े कदम उठाने होंगे.
इसे भी पढ़ें : ICC Women's World Cup में अब आगे क्या होगा, क्या फाइनल में पहुंचेगी Team India, सब जान लीजिये
'भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो'
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने भी घटना पर शोक जताया. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है और प्रशासन को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो. फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर मौजूद हैं. हादसे के बाद मनोहरपुर क्षेत्र में मातम का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग अब इस हादसे की वजह से गहराई से सवाल उठा रहे हैं आखिर कब तक खुले बिजली तारों के बीच ऐसे हादसे लोगों की जान लेते रहेंगे?