Six Free LPG Cylinders : महंगे होते रसोई गैस सिलेंडर के बीच जम्मू-कश्मीर सरकार ने गरीब परिवारों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। सरकार ने साल में 6 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना को मंजूरी दी है। इस फैसले की जानकारी विधानसभा में दी गई, जिसके बाद लाखों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है।
किन लोगों को मिलेगा लाभ?
यह योजना सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए नहीं है। इसका फायदा सिर्फ उन परिवारों को मिलेगा जिनके पास अंत्योदय अन्न योजना (AAY) का राशन कार्ड है। यह राशन कार्ड आर्थिक रूप से सबसे कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को जारी किया जाता है। सामान्य राशन कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
कैसे मिलेगा मुफ्त सिलेंडर?
सरकार सीधे मुफ्त सिलेंडर घर नहीं भेजेगी। लाभार्थियों को पहले सामान्य तरीके से गैस सिलेंडर खरीदना होगा। इसके बाद योजना के तहत तय राशि उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी। यानी पैसा सब्सिडी के रूप में वापस मिलेगा।
ये भी पढ़ें : 1600 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी बड़ी गिरावट, खरीदारी का सही मौका?
डीबीटी के जरिए पहुंचेगा पैसा
इस योजना में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे लाभ की राशि सीधे पात्र परिवारों के बैंक खाते में जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी और सही लोगों तक फायदा पहुंचेगा।
रसोई का खर्च होगा कम
सरकार का मानना है कि इस योजना से गरीब परिवारों पर रसोई गैस का बोझ कम होगा। साल में 6 सिलेंडर की लागत वापस मिलने से परिवारों को काफी आर्थिक राहत मिलेगी। खासकर उन घरों को फायदा होगा जो बढ़ती महंगाई के बीच गैस भरवाने में मुश्किल महसूस करते हैं।
दूसरे राज्यों के लोग क्या करें?
फिलहाल यह योजना केवल जम्मू-कश्मीर में लागू की गई है। उत्तर प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के गैस उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में अगर किसी के पास AAY कार्ड है, तब भी उसे तभी फायदा मिलेगा जब वह जम्मू-कश्मीर सरकार की इस योजना के दायरे में आता हो।