Jason Rowells SA20 Auction : SA20 सीजन-5 के ऑक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्टार की नहीं, बल्कि 18 साल के दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर जेसन रॉल्स की रही। जोबर्ग सुपर किंग्स ने MI केप टाउन के साथ लंबी बोली की जंग के बाद उन्हें 2.9 मिलियन रैंड यानी करीब 1.68 करोड़ रुपये में खरीदा। महज 11.5 लाख रुपये के बेस प्राइस से शुरू हुए रॉल्स इस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
अभी स्कूल में पढ़ते हैं जेसन रॉल्स
जेसन रॉल्स अभी जोहानिसबर्ग के सेंट डेविड्स मेरिस्ट स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। वह दक्षिण अफ्रीका के जूनियर क्रिकेट सिस्टम से निकलकर आए हैं और अभी सीनियर स्तर पर उनका अनुभव काफी सीमित है। इसके बावजूद उनकी प्रतिभा ने फ्रेंचाइजियों को बड़ा दांव लगाने पर मजबूर कर दिया।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में किया कमाल
रॉल्स ने 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पांच पारियों में 280 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। उनका औसत करीब 70 और स्ट्राइक रेट 112 से ज्यादा रहा। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी 4 विकेट लेकर अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाई।
भारत और इंग्लैंड के खिलाफ भी चमके
भारत अंडर-19 टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में रॉल्स ने 149 रन बनाए और शतक भी जड़ा। वहीं जुलाई 2026 में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ यूथ टेस्ट में उन्होंने 201 रन की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली। इस प्रदर्शन ने उन्हें दक्षिण अफ्रीका के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
रोहित शर्मा के कोच से भी ले चुके हैं ट्रेनिंग
रॉल्स की क्रिकेट यात्रा का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि उन्होंने भारत आकर रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड से ट्रेनिंग ली थी। लाड ने उनकी प्रतिभा देखकर उन्हें विशेष प्रशिक्षण के लिए बुलाया था, जहां उन्होंने करीब एक महीने तक अभ्यास किया।
फाफ और पोलार्ड के साथ मिलेगा सीखने का मौका
जोबर्ग सुपर किंग्स में रॉल्स अब फाफ डुप्लेसी और कीरोन पोलार्ड जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करेंगे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि यह युवा खिलाड़ी भविष्य में टीम का बड़ा मैच-विनर साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : Bhuvneshwar Kumar की वापसी ने छेड़ी नई बहस, भविष्य की तैयारी या विकल्पों की कमी?
अब SA20 में होगी असली परीक्षा
ऑक्शन में करोड़ों की बोली ने जेसन रॉल्स को सुर्खियों में ला दिया है, लेकिन असली चुनौती अब मैदान पर होगी। 17 जनवरी 2027 से शुरू होने वाले SA20 सीजन में सबकी नजर इस युवा खिलाड़ी पर रहेगी। अब देखना होगा कि जूनियर क्रिकेट में चमकने वाला यह सितारा बड़े मंच पर भी अपनी प्रतिभा का वही असर दिखा पाता है या नहीं।