
देश के मशहूर हेयरस्टाइलिस्ट जावेद हबीब एक बार फिर से सुर्खियों का हिस्सा बने हुए हैं. मगर इस बार किसी नए हेयर ट्रेंड के कारण नहीं, बल्कि क्रिप्टो फ्रॉड केस को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के संभल जिले की पुलिस ने बुधवार को दिल्ली में उनके घर पर छापा मारा, लेकिन हबीब वहां मौजूद नहीं थे. पुलिस का कहना है कि वह इस समय पूछताछ से बच रहे हैं और फिलहाल फरार चल रहे हैं. हबीब को जल्द जांच में शामिल होने का आदेश दिया गया है.
5 से 7 करोड़ रुपये की ठगी के लगे आरोप
मिली जानकारी के अनुसार जावेद हबीब और उनके साथियों के खिलाफ लगभग 5 से 7 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है. वहीं इस मामले में अब तक 32 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. इस मामले में हबीब के बेटे अनस अनस और उनके एक पार्टनर सैफुल का नाम भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उच्च मुनाफे का लालच देकर लोगों से निवेश करवाया मगक तय समय बीत जाने के बाद भी निवेशकों को उनका पैसा वापस नहीं मिला.
क्या है Follicle Global Company (FLC) स्कैम?
संभल पुलिस की मानें तो हबीब और उनके साथियों ने Follicle Global Company (FLC) नाम से एक फर्जी निवेश स्कीम शुरू की गई. इस स्कीम में निवेशकों से 5 से 7 लाख रुपये तक लिए गए और दावा किया गया कि उन्हें Bitcoin और Binance Coin में 50% से 70% तक रिटर्न मिल जाएगा. साल 2023 में संभल के रॉयल पैलेस वेंकैट हॉल में एक इवेंट आयोजित हुआ था, जिसमें इस स्कीम को बड़े पैमाने पर प्रमोट किया गया. पुलिस का कहना है कि लगभग 150 लोगों ने इसमें निवेश किया, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बाद किसी को भी पैसा नहीं मिला.
हबीब, उनके बेटे और परिवार के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
जिसके बाद मामले की गंभीरता देखते हुए संभल पुलिस ने जावेद हबीब, उनके बेटे और परिवार के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है, ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें. वहीं रायया सत्ती थाने के इंचार्ज गोविंद कुमार ने बताया कि “अब तक इस मामले में 32 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. हबीब, उनके बेटे और एक साथी को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया था.” उन्होंने आगे कहा कि हबीब के वकील ने पुलिस को सूचित किया है कि “उनकी तबीयत ठीक नहीं है, उन्हें दिल की समस्या है और हाल ही में उन्होंने अपने पिता को खोया है.”
इसे भी पढ़ें : Kanpur के हुलागंज बाजार में छाई रौनक, शक्कर के खिलौने होते हैं दिवाली पर खास, जानें पूरा इतिहास
“हम पूरी तरह से पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं.”- वकील
वकील पवन कुमार का कहना है कि “हम पूरी तरह से पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल हबीब की तबीयत खराब है.” वहीं दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं.
सोशल मीडिया पर खड़ा हो गया बड़ा बवाल
वहीं इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है. देशभर में हजारों सैलून चलाने वाले और सेलेब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट जावेद हबीब के खिलाफ इतने गंभीर आरोप ने लोगों को चौंका कर रख दिया है. अगर पुलिस जांच में ये आरोप साबित हो जाते हैं, तो यह भारत के सबसे बड़े क्रिप्टो इन्वेस्टमेंट फ्रॉड में से एक साबित हो सकता है.