
JDU ticket distribution uproar: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने टिकट वितरण में अपनी अनदेखी से नाराज होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखते हुए सांसद पद से इस्तीफे की अनुमति मांगी है। अजय मंडल ने कहा कि उनके क्षेत्र में टिकट बंटवारे के दौरान उनकी राय नहीं ली गई, जिससे वह खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। वहीं, भागलपुर के ही जेडीयू विधायक गोपाल मंडल भी टिकट कटने की आशंका से मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।
अजय मंडल की नाराजगी
सांसद अजय मंडल ने अपने पत्र में लिखा कि वे पिछले 20 से अधिक वर्षों से पार्टी संगठन और जनता की सेवा कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी राय को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “कुछ लोग मेरे क्षेत्र में टिकट बांटने का काम कर रहे हैं, जबकि स्थानीय कार्यकर्ताओं की मेहनत और राय को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2019 में उनके नेतृत्व में जेडीयू ने विधानसभा उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन किया था, जो पार्टी के लिए एक मिसाल था।
सीएम से नहीं हो सकी मुलाकात
अजय मंडल ने नीतीश कुमार को लिखे अपने पत्र में यह भी शिकायत की कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जब स्थानीय नेतृत्व और समर्पित कार्यकर्ताओं की राय का कोई महत्व नहीं रह गया है, तो मेरे सांसद पद पर बने रहने का कोई अर्थ नहीं है।” मंडल ने यह भी चेतावनी दी कि बाहरी या निष्क्रिय लोगों को टिकट देने से पार्टी की जड़ें कमजोर होंगी और इसका सीधा असर मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर पड़ेगा। उन्होंने आत्मसम्मान और पार्टी के भविष्य की चिंता करते हुए सांसद पद से इस्तीफे की अनुमति मांगी है।