इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 4 जून से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मुकाबले में सभी की निगाहें इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट पर होंगी। रूट इस मैच में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे रूट के पास टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक और खास अध्याय जोड़ने का मौका है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ बन सकते हैं पहले बल्लेबाज
जो रूट को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए सिर्फ 75 रन की जरूरत है। अगर वह यह आंकड़ा छू लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल उनके नाम 21 टेस्ट मैचों में 1925 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं।
57 रन बनाते ही क्लब में शामिल होंगे
रूट के सामने एक और बड़ा रिकॉर्ड है। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 57 रन चाहिए। यह उपलब्धि हासिल करते ही वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही टेस्ट क्रिकेट में 14 हजार से ज्यादा रन बना सके हैं।
क्या टूट सकता है सचिन का रिकॉर्ड?
सचिन तेंदुलकर के नाम टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 15,921 रन हैं। जो रूट अभी इस रिकॉर्ड से 1,979 रन दूर हैं। उनकी उम्र, फिटनेस और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए कई क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले वर्षों में वह सचिन के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं। खुद रूट भी मान चुके हैं कि अब इस रिकॉर्ड को लेकर होने वाली चर्चा को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी दबदबा
रूट सिर्फ इंग्लैंड ही नहीं बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सबसे सफल बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने अब तक 74 टेस्ट में 6480 रन बनाए हैं। यह आंकड़ा दूसरे स्थान पर मौजूद बल्लेबाज से लगभग 2000 रन ज्यादा है। लगातार रन बनाने की उनकी क्षमता उन्हें आधुनिक दौर के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल करती है।
इसे भी पढ़ें : बेटे ने रची परिवार की मौत की साजिश, दोस्त ने उसी को मार डाला! Prayagraj हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा
सीरीज का पूरा कार्यक्रम
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 4 से 8 जून तक लॉर्ड्स में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 17 से 21 जून तक द ओवल में होगा, जबकि तीसरा और अंतिम टेस्ट 25 से 29 जून तक नॉटिंघम में खेला जाएगा। इस सीरीज में जहां दोनों टीमों की टक्कर पर नजर रहेगी, वहीं जो रूट के बल्ले से इतिहास लिखे जाने का भी इंतजार रहेगा।