प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घर कई दिनों से बंद था और अंदर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो परिवार के मुखिया वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक के शव बरामद हुए। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था।
बेटे ने ही रची थी साजिश
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। जांच के अनुसार मृतक अभिषेक वैश्य आर्थिक तंगी से परेशान था। बताया गया कि उसे परिवार की संपत्ति से अलग कर दिया गया था। इसी नाराजगी और पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर परिवार को खत्म करने और घर में रखे कीमती सामान को लूटने की योजना बनाई।
पहले परिवार की हत्या, फिर दोस्त का भी अंत
पूछताछ में आरोपी सनी गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत सबसे पहले अभिषेक की बहन मीनाक्षी की हत्या की गई। इसके बाद उसके माता-पिता को निशाना बनाया गया। तीनों की हत्या के बाद घर में रखे जेवर और अन्य सामान लूट लिया गया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। लूट के माल के बंटवारे को लेकर अभिषेक और सनी के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद में सनी ने अभिषेक की भी हत्या कर दी और पूरे परिवार का अंत हो गया।
सबूत मिटाने की भी हुई कोशिश
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश भी की। शवों पर तेजाब और डिटर्जेंट पाउडर डाला गया ताकि पहचान और जांच प्रभावित हो सके। हालांकि पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
डेढ़ करोड़ के जेवर बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी बरामद किया है। बरामद सामान में लगभग 1000 ग्राम से ज्यादा सोना और 360 ग्राम से अधिक चांदी शामिल है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप और नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बरामद जेवरों की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : FIFA World Cup में पहली बार इतने बड़े बदलाव, खिलाड़ियों पर रहेगी कड़ी नजर
12 घंटे में खुली हत्याकांड की परतें
प्रयागराज पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर मुख्य आरोपी सनी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामला सिर्फ हत्या का नहीं बल्कि लूट और विश्वासघात का भी है। जिस बेटे ने अपने ही परिवार को खत्म करने की साजिश रची, आखिर में वही अपने दोस्त के हाथों मारा गया। इस खुलासे के बाद पूरे शहर में इस हत्याकांड की चर्चा हो रही है।