दिल्ली से बिहार जा रही एक स्लीपर बस मंगलवार तड़के कानपुर के आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलटते ही चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह था कि एक बच्चे समेत तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर बिहार के विभिन्न जिलों से संबंध रखने वाले थे।
तेज झटका लगा और बस पलट गई
चश्मदीद यात्रियों ने बताया कि सभी लोग सो रहे थे कि तभी अचानक तेज झटका लगा और बस पलट गई। सीटों में फंसे कई यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को सीटें काटनी पड़ीं। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ। हादसे के तुरंत बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश चल रही है।
दिल्ली-हरियाणा के यात्री भी घायल
घायल यात्रियों में सिवान, गोपालगंज, छपरा, दरभंगा, सीतामढ़ी समेत बिहार के कई जिलों के लोग शामिल हैं। इसके अलावा यूपी के गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती और दिल्ली-हरियाणा के यात्री भी घायल हुए हैं। घायलों में पवन कुमार, सत्येंद्र कुमार, सपना दुबे, अंकुश, प्रेम प्रकाश, साहिल, गुड्डू बैठा, छाया कुशवाहा, संप्रति, लाक्षिका समेत कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Delhi के 22 लाख लोगों की हो गई चांदी, आया ऐसा फैसला बचेंगे हजारों रुपये, Rekha सरकार ने किया लाखों परिवारों का सपना पूरा, पढ़ें
हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम
चूंकि बस सीधे दिल्ली से बिहार के सिवान के लिए निकली थी, इसलिए हादसे का सबसे बड़ा असर बिहार के परिवारों पर पड़ा है। सिवान, गोपालगंज, छपरा, दरभंगा और सीतामढ़ी में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मचा हुआ है। परिजन लगातार फोन पर जानकारी जुटा रहे हैं और कई लोग कानपुर के लिए रवाना भी हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक-खलासी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।