Kanpur Training Aircraft Crash : उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। गंगा बैराज क्षेत्र के कटरी इलाके में एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई। विमान के जमीन से टकराते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
उड़ान भरने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक ट्रेनिंग विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। विमान चार सीटर और ट्रेनिंग उड़ान पर था। कुछ देर बाद यह कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान अचानक आसमान से नीचे आया और खेत में जा गिरा। जमीन से टकराने के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दोनों पायलटों की हुई मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर विमान में मौजूद दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने दोनों मौतों की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक और सुमित भाटिया, निवासी गुजरात के रूप में बताई गई है।
ये भी पढ़ें : Ankit Balian हत्याकांड में बड़ा सुराग, रेकी के बाद वारदात करने वालों की तस्वीर आई सामने
हादसे के बाद जमा हुई भीड़
विमान के खेत में गिरने की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को संभाला और विमान के आसपास जांच शुरू की। राहत कार्य के साथ-साथ दुर्घटना से जुड़े जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
तकनीकी खराबी की जांच जारी
फिलहाल विमान दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती स्तर पर यह पता नहीं चला है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ। अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आएगी। हादसे की सूचना डीजीसीए को भी दे दी गई है और उसकी टीम के मौके पर पहुंचकर जांच करने की बात कही गई है।
2023 में ट्रेनिंग के लिए आया था विमान
पुलिस कमिश्नर के अनुसार हादसे का शिकार हुआ विमान टेक्नम कंपनी का था और इसे वर्ष 2023 से ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विमान से जुड़े रिकॉर्ड और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी।