Innocent Devotee kanwar yatra:सावन के पवित्र महीने में भोलेनाथ की भक्ति में डूबे भक्तों के बीच एक मासूम बच्चे की श्रद्धा लोगों का दिल छू रही है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक छोटा बच्चा कांवड़ लेकर पैदल यात्रा पर निकला है. जब उससे कांवड़ उठाने की वजह पूछी गई तो उसने जो जवाब दिया, उसने हर किसी को भावुक कर दिया। बच्चा बोला कि वह भगवान शिव की शरण में इसलिए जा रहा है ताकि उसके पिता शराब पीना छोड़ दें और उसके घर में फिर से खुशहाली लौट आए.
हर दिन 26 किलोमीटर पैदल चलकर कर रहा तपस्या
वीडियो में बच्चा बताता है कि वह अपने भाई के साथ मिलकर दिल्ली से केदारनाथ की यात्रा पर निकला है. वह रोज़ाना करीब 26 किलोमीटर पैदल चलकर भगवान शिव की भक्ति में लीन है. इस कठिन तपस्या का उद्देश्य है अपने पिता की शराब की लत को छुड़वाना. बच्चे की आंखों में अपने पिता के लिए दुख और परिवार के लिए प्यार साफ झलकता है. वह कहता है कि बस भगवान भोले उसकी यह प्रार्थना सुन लें ताकि उसके माता-पिता खुश रह सकें.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं. यूज़र्स इस बच्चे की मासूम भक्ति और मजबूत इरादों की खूब सराहना कर रहे हैं. कोई कह रहा है कि हर बच्चे में ऐसी भावना होनी चाहिए, तो कोई उसे सच्चा भक्त बता रहा है. बहुतों ने कमेंट कर भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वह इस बच्चे की मनोकामना जरूर पूरी करें और उसके पिता को सही राह दिखाएं. यह वीडियो अब करोड़ों दिलों को छू रहा है और एक नई उम्मीद की मिसाल बन गया है.
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। लोकसत्य किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।