
कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी का मामला अब और गर्मा गया है. इस मुद्दे पर राष्ट्रीय करणी सेना संघ के अध्यक्ष नीरज सिंह चौहान ने इकरा हसन का खुलकर समर्थन किया और टिप्पणी करने वाले योगेंद्र सिंह राणा पर सख्त कार्रवाई की मांग की. नीरज सिंह ने साफ कहा कि राणा का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है और न ही यह पक्का है कि वह राजपूत समाज से हैं. उनके मुताबिक, “जो व्यक्ति किसी महिला, खासकर महिला सांसद का अपमान करे, वह असली राजपूत हो ही नहीं सकता.” उन्होंने राणा को जेल भेजने की मांग करते हुए कहा कि यह बयान समाज में तनाव फैलाने की कोशिश है, खासकर चुनाव से पहले.
ये भी पढ़ें : किरेन रिजिजू का विपक्ष पर बड़ा आरोप, कहा – कांग्रेस और विपक्ष ने संसद का कीमती समय बर्बाद किया, अब ऐसा...
'राजपूत सम्मान के लिए नारी का सम्मान प्राथमिकता'
अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि राजपूत समाज हमेशा नारी सम्मान को प्राथमिकता देता है और कभी महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करता. उन्होंने यह भी बताया कि इकरा हसन को संसद तक पहुंचाने में राजपूत समाज का योगदान रहा है, इसलिए इस तरह की टिप्पणियां न केवल गलत हैं बल्कि समाज की छवि को भी खराब करती हैं.
क्या था मामला?
कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के बारे में योगेंद्र सिंह राणा ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी. इस टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ा और करणी सेना संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंह चौहान ने खुलकर इकरा हसन का समर्थन करते हुए राणा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राणा का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है और यह भी पक्का नहीं है कि वह राजपूत समाज से हैं. नीरज सिंह के अनुसार, यह बयान महिला का अपमान है और समाज में तनाव फैलाने की कोशिश है, खासकर चुनाव से पहले.