Kejriwal New Residence: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के वीवीआईपी इलाके लोधी एस्टेट में नया सरकारी बंगला अलॉट किया गया है। वह शुक्रवार को अपने परिवार के साथ 95 लोधी एस्टेट स्थित टाइप-7 सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए। बताया गया है कि यह आवंटन केंद्र सरकार द्वारा कोर्ट के निर्देशों के बाद किया गया।
कोर्ट के निर्देश के बाद मिला आवास
अरविंद केजरीवाल ने खुद इस जानकारी को साझा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी में राष्ट्रीय संयोजक की भूमिका को देखते हुए केंद्र सरकार ने कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें यह आवास दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह अब अपने परिवार के साथ नए घर में रहने लगे हैं।
पहले यहां रह रहे थे केजरीवाल
मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल फ्लैग स्टाफ रोड स्थित सरकारी आवास में रहते थे। सितंबर 2024 में पद छोड़ने के बाद वह कुछ समय के लिए राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को आवंटित बंगले में रहने लगे थे। अब उन्हें स्थायी तौर पर नया सरकारी आवास मिल गया है।
यह भी देखेंःSummer Special Trains: गर्मियों में राहत, 18 हजार से ज्यादा समर स्पेशल ट्रेनें, कंफर्म टिकट के बढ़े चांस
शिफ्टिंग के दिन ही सियासी हलचल
दिलचस्प बात यह रही कि जिस दिन केजरीवाल नए बंगले में शिफ्ट हुए, उसी दिन अशोक मित्तल ने पार्टी छोड़ दी। उन्होंने राघव चड्ढा और संदीप पाठक के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम ने AAP की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।
AAP के लिए बड़ा झटका
राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य उनके साथ हैं और वे संविधान के प्रावधानों के तहत BJP में शामिल हो रहे हैं। इस घटनाक्रम को आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पार्टी की रणनीति और स्थिति पर असर पड़ सकता है।