
बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित नंदलालपुर पंचायत के रहने वाले किशन कुमार को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चुना गया है. किशन के इस चयन से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है. 18 साल के किशन अब 21 सितंबर से शुरू होने वाली भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे. इस टीम में उन्हें तेज गेंदबाज के रूप में शामिल किया गया है. भारतीय अंडर-19 टीम की घोषणा शुक्रवार को की गई, जिसमें आयुष महात्रे को टीम का कप्तान बनाया गया है और वैभव सूर्यवंशी जैसे आईपीएल खिलाड़ी भी इस टीम में शामिल हैं. जैसे ही किशन के चयन की खबर फैली, उनके घर और गांव में बधाइयों का तांता लग गया. परिवार, दोस्त और ग्रामीण सभी किशन की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं.
ये भी पढ़िये : नासा के दिग्गज अंतरिक्ष यात्री बट्च विलमोर ने 25 साल की सेवा के बाद लिया रिटायरमेंट , सुनीता विलियम्स के साथ अंतरिक्ष में फंसे हैं
किससे ली प्रेरणा?
किशन के रोल मॉडल बेन स्टोक्स (इंग्लैंड के ऑलराउंडर) और आशीष नेहरा (पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज) हैं. किशन ने आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी (ANCA) से ट्रेनिंग ली है, जो नैनी (प्रयागराज) स्थित डीपीएस स्कूल के मैदान पर संचालित होती है. इस अकादमी की कोच स्वाति सिंह ने बताया कि किशन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और शुरू से ही मेहनती और लगनशील खिलाड़ी रहे हैं.
क्यों है यह बड़ी खबर?
बिहार जैसे राज्य से राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना आसान नहीं होता. किशन का यह चयन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और समर्पण से कुछ भी हासिल किया जा सकता है.