आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। आईपीएल 2026 की नीलामी में KKR ने उन्हें 9.2 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक वह 16 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच के मुकाबले मिस करेंगे। वजह है बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली घरेलू वनडे और टी20 सीरीज, जो आईपीएल शेड्यूल से टकरा रही है।
आंशिक NOC और बांग्लादेश की मजबूरी
सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड मुस्तफिजुर को आंशिक नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देगा। इसका मतलब यह है कि वह वनडे सीरीज से मुक्त रहेंगे, लेकिन टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम से जुड़ना होगा। चूंकि मुस्तफिजुर बांग्लादेश की टी20 टीम का अहम हिस्सा हैं, इसलिए बोर्ड उन्हें पूरी तरह आईपीएल खेलने की अनुमति देने के मूड में नहीं है। ऐसे में KKR को शुरुआती मैचों में तो उनकी सेवाएं मिलेंगी, लेकिन बीच सीजन में उनकी गैरमौजूदगी टीम की रणनीति को प्रभावित कर सकती है।
मिनी ऑक्शन में KKR का दमदार दांव
आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने साफ संदेश दिया कि टीम खिताब के लिए पूरी तरह तैयार है। KKR ने ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। इसके अलावा श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में शामिल किया गया, जिनकी पहचान डेथ ओवर स्पेशलिस्ट के तौर पर है। मुस्तफिजुर रहमान के आने से KKR की पेस अटैक और भी खतरनाक नजर आ रही थी, लेकिन अब उनकी सीमित उपलब्धता चिंता बढ़ा रही है।
इसे भी पढ़ें : BPL से पहले बड़ा झटका, बिना ओपनिंग सेरेमनी शुरू होगा Bangladesh प्रीमियर लीग, फैंस हैरान, जानें अंदर की बात !
संतुलन, युवा जोश और खिताबी इरादे
KKR ने सिर्फ बड़े नामों पर ही नहीं, बल्कि संतुलन और भविष्य पर भी फोकस किया है। टीम ने फिन एलन और रचिन रवींद्र जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को शामिल किया है, जबकि टिम सिफर्ट और राहुल त्रिपाठी की वापसी ने अनुभव बढ़ाया है। इसके साथ ही अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया गया है, जिसमें तेजसवी सिंह और कार्तिक त्यागी जैसे नाम शामिल हैं। कुल मिलाकर KKR ने एक मजबूत और गहराई वाली टीम तैयार की है, लेकिन अब सबकी नजर इस बात पर है कि मुस्तफिजुर की गैरहाजिरी के दौरान टीम अपनी गेंदबाजी धार को कैसे बरकरार रखती है। IPL 2026 में KKR का यह सस्पेंस सीजन की सबसे बड़ी कहानी बन सकता है।